पटना एयरपोर्ट का भी हाल कुछ ऐसा ही दिखा. शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे, लगभग 50 किलोमीटर दूर के सफर में तीन वाहन बदलने के बाद जब सेना के जवान लक्ष्मण भट्ट शादी का कुर्ता पहने एयरपोर्ट पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि उनकी फ्लाइट रद्द कर दी गई है. उन्हें अगले दिन सुबह 6 बजे श्रीनगर कैंप में रिपोर्ट करना था. समय पर नहीं पहुंचने पर उनकी सैलरी से 28 हजार रुपये कट सकती है और सेना के नियमों के तहत दंड का सामना भी करना पड़ सकता है. इस चिंता में जवान एयरपोर्ट पर परेशान इधर-उधर भटकते दिखे. उन्होंने लोकल 18 से बातचीत करते हुए अपनी परेशानी बयां किया.
लक्ष्मण भट्ट भारतीय सेना में कार्यरत हैं और इस समय जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं. वे बिहार के महनार के रहने वाले हैं. उनके पहनावे से साफ लग रहा था कि वे पिछली रात किसी शादी में शामिल हुए थे, क्योंकि उन्होंने विवाह समारोह में पहना जाने वाला कुर्ता पहन रखा था. फ्लाइट पकड़ने के लिए वे सुबह-सुबह ही घर से निकल गए थे.
कैंप में नहीं किया रिपोर्ट तो मिलेगा दंड
फ्लाइट कैंसिल होने की खबर सुनते ही लक्ष्मण भट्ट घबरा गए. उनका दिमाग सुन्न पड़ गया और वे पूरी तरह परेशान हो उठे. घबराहट में उनके हाथ-पांव फूलने लगे. वे बताते हैं, “कल सुबह 6 बजे तक मुझे कैंप में रिपोर्ट करना है. आज मेरी फ्लाइट कैंसल हो गई है, अब मैं समय पर कैसे पहुंचूंगा? अगर रिपोर्टिंग मिस हुई तो मेरी सैलरी से करीब 28 हजार रुपये कट जाएंगे और सेना के नियमों के अनुसार दंड भी मिलेगा. अब समझ नहीं आ रहा कि क्या करूं”
गुस्से को अपने अंदर दबाए और परेशानी से भरे लक्ष्मण आगे कहते हैं कि अगर फ्लाइट कैंसिल करनी ही थी तो कम से कम पहले सूचना देनी चाहिए थी. इतनी दूर से मैं पटना पहुंचा और अब वापस भी नहीं जा पा रहा हूं. अगर पहले पता चल जाता तो कोई और व्यवस्था कर लेता. अब तो समझ ही नहीं आ रहा कि क्या करूं. मैं सेना का जवान हूं, नियमों से बंधा हुआ हूं. समय पर नहीं पहुंचा तो बड़ी दिक्कत हो जाएगी. अब कंपनी कमांडेंट से बात करूंगा. छुट्टी तो बढ़ेगी नहीं, इसलिए शायद ट्रेन से ही धक्के खाते हुए जाना पड़े. ये भी नहीं पता कि ट्रेन मिलेगी भी या नहीं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.