T20 World Cup Celebration Patna: ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे भारतीय टीम के समर्थक देर रात तक सड़कों पर नाचते-झूमते दिखाई दिए. पूरा डाकबंगला चौराहा पटाखों की गूंज और धुएं से गूंजता रहा. बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा हर वर्ग के लोग इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने के लिए सड़कों पर उतर आए.
कोई जेसीबी तो कोई थार पर मनाया जश्न
कई प्रशंसक अलग-अलग अंदाज में जश्न मनाते दिखे. कोई जेसीबी पर चढ़कर पटाखे छोड़ रहा था तो कोई थार की छत से आतिशबाजी कर रहा था. पूरे इलाके में भारत माता की जय और टीम इंडिया के नारों से माहौल उत्सव में बदल गया. इस मौके पर पटना निवासी मोहम्मदउद्दीन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा,”अभी ईद में दस दिन बाकी है, लेकिन भारतीय टीम ने आज ही पूरे देश को ईदी दे दी.” वहीं क्रिकेट प्रेमी शुभम कुमार ने उत्साह में कहा, “जब-जब भारतीय टीम वर्ल्ड कप खेलेगी, तब-तब जीतती रहेगी. हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है.” विशाल नाम के एक प्रशंसक ने कहा कि यह जीत बिहार के लिए और भी खास है, क्योंकि इसमें बिहार के लाल ईशान किशन का अहम योगदान रहा है. उन्होंने साबित कर दिया कि एक बिहारी सब पर भारी केवल नारा नहीं, बल्कि हकीकत है.
जिया हो बिहार के लाला
टी20 वर्ल्ड कप में ईशान किशन की शानदार बल्लेबाजी और चुस्त फील्डिंग ने क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीत लिया. पूरे टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया और फाइनल मुकाबले में भी कई मुश्किल कैच पकड़कर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ने में अहम भूमिका निभाई. उनके इस प्रदर्शन की चर्चा पटना में जश्न मना रहे प्रशंसकों के बीच भी खूब सुनने को मिली. डाकबंगला चौराहा पर जश्न मना रहे कृष्ण सिंह कल्लू जेसीबी पर चढ़कर पटाखे छोड़ते और जिया हो बिहार के लाला, जिया तू हजार साला गीत गाते हुए झूमते नजर आए. ईशान किशन के नाम के नारे लगाते हुए लोगों ने बिहार के इस खिलाड़ी पर गर्व जताया.
एक और क्रिकेट प्रेमी अनिल साहनी ने कहा कि ईशान किशन ने जिस तरह का खेल दिखाया है, उससे बिहार का नाम पूरे देश और दुनिया में रोशन हुआ है. अंडर-19 में वैभव सूर्यवंशी और अब टी20 वर्ल्ड कप में ईशान किशन के शानदार प्रदर्शन ने बिहारियों का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है. जश्न मना रहे युवाओं ने कहा कि आज का दिन किसी त्योहार से कम नहीं है. हम लोग आज होली और दिवाली की तरह इस जीत का जश्न मना रहे हैं और टीम इंडिया की जीत को दिल से सेलिब्रेट कर रहे हैं.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.