Patna News: पटना के बिहटा में एक महिला दरोगा की दबंगई की वीडियो वायरल हुआ. पुलिस टीम रास्ते के विवाद को सुलझाने पहुंची. जहां एक युवक की बहस से नाराज महिला दरोगा ने उसे थप्पड़ जड़ दिया. हिरासत में लेने की धमकी भी दी गई. वाक्ये का वीडियो वायरल हो गया.
बिहटा थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया. रास्ते के विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस उस वक्त खुद विवादों में घिर गई, जब मौके पर मौजूद एक महिला दरोगा ने युवक को थप्पड़ मार दिया. यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया. जानकारी के मुताबिक, रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर बिहटा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची थी.
आपा खो बैठीं दरोगा मैडम
आरोप है कि विवाद को शांत कराने के बजाय महिला दरोगा श्वेता कुमारी अपना आपा खो बैठीं. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बहस के दौरान महिला दरोगा एक युवक को थप्पड़ मार देती हैं और उसे धमकाते हुए कहती हैं-“उठाकर ले जाएंगे, भाषण देना बंद करो.” इस दौरान मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध नजर आते हैं. वीडियो में एक और पहलू सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल और गहरे कर दिए हैं. मौके पर मौजूद एक होमगार्ड जवान खुलेआम खैनी बनाते हुए नजर आ रहा है. ड्यूटी के दौरान इस तरह का व्यवहार न सिर्फ नियमों का उल्लंघन माना जा रहा है, बल्कि इससे पुलिस की छवि को भी नुकसान पहुंच रहा है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना ने “पीपुल फ्रेंडली पुलिसिंग” के दावों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. हाल ही में राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति संवेदनशील और संयमित रहने की नसीहत देते नजर आए हैं. लेकिन बिहटा की यह घटना उन दावों के बिल्कुल उलट तस्वीर पेश करती है. बीते कुछ दिनों में डॉक्टरों और आम नागरिकों के साथ पुलिस के दुर्व्यवहार के मामले भी सामने आए हैं, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ती दिख रही है. मामले को लेकर जब बिहटा थाना अध्यक्ष से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो का केवल आधा हिस्सा सामने लाया जा रहा है. हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि किसी भी परिस्थिति में थप्पड़ चलाना सही नहीं है. थाना अध्यक्ष ने कहा कि वीडियो की जांच कराई जाएगी और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
About the Author

कहानी सुनने, गुनने और लिखने का शौकीन. शुद्ध कीबोर्ड पीटक. माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी भोपाल से शिक्षा-दीक्षा. द सूत्र, खबरिया न्यूज़, दैनिक नई दुनिया (अखबार) से सीखते हुए हाल मुकाम News18 है. 5 साल से पत्रकार…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.