Patna Fatuha Firing News: घर की चारदीवारी के भीतर सुलगता विवाद जब हथियार उठाने तक पहुंच जाए तो रिश्ते भी लहूलुहान हो जाते हैं. पटना के फतुहा में जमीन का झगड़ा ऐसा खूनी मोड़ ले बैठा कि एक भतीजे ने अपनी ही चाची पर गोली चला दी. इस घटना में चाची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा और एक अन्य ग्रामीण देवसागर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. गोलीबारी के बाद गांव में अफरातफरी मच गई.
घटना का विवरण
बताया जाता है कि रसलपुर गांव के दो सगे भाई श्रवण प्रसाद और राजकुमार प्रसाद के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था. इसी विवाद के दौरान आज दोनों भाइयों के बीच बहस हो गई. इस दौरान राजकुमार प्रसाद का पुत्र शिवम कुमार मौके पर आया और गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे राजमंत्री देवी की मौके पर ही मौत हो गई. राजमंत्री देवी का पुत्र राजन कुमार और एक अन्य ग्रामीण देवसागर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. देवसागर सिंह के सिर में गोली लगी है और उनकी स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के बयान
मृतका के पुत्र और प्रत्यक्षदर्शी जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनके पिता श्रवण प्रसाद और चाचा राजकुमार प्रसाद के बीच जमीनी विवाद को लेकर बातचीत हो रही थी. इसी दौरान उनका चचेरा भाई शिवम कुमार पहुंचा और गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना में उनका भाई राजन कुमार और एक अन्य ग्रामीण देवसागर सिंह घायल हो गए.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की पुष्टि करते हुए ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि फरार आरोपी के घर से दो देशी कट्टा, एक तलवार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है. ग्रामीण एसपी ने भरोसा दिलाया कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है. घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा है और गांव में तनाव का माहौल है.
रिश्तों पर भारी विवाद
इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जमीनी विवाद कब तक खून बहाता रहेगा. पुलिस ने हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है. फिलहाल गांव में तनाव है और मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है. अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि आरोपी कब गिरफ्त में आता है और पीड़ित परिवार को कब इंसाफ मिलता है.
About the Author

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.