Bihar Hijab Controversy: सीएम नीतीश के मुस्लिम महिला का हिजाब खींचने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. नुसरत परवीन आखिरी तारीख पर भी ज्वाइन करने नहीं पहुंचीं. सरकार ने ज्वाइनिंग की तारीख 31 दिसंबर तक के लिए बढ़ा दी है.
राज्य स्वास्थ्य समिति ने आयुष चिकित्सकों की ज्वाइनिंग की तिथि बढ़ाकर अब 31 दिसंबर 2025 कर दी है. इस संबंध में समिति के कार्यकारी निदेशक अमित कुमार पांडेय की ओर से आधिकारिक पत्र भी जारी किया गया है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 63 आयुष डॉक्टर अपनी-अपनी पोस्टिंग पर योगदान कर चुके हैं, लेकिन डॉ. नुसरत परवीन अब तक ज्वाइन नहीं कर पाई हैं. विभागीय सूत्रों का कहना है कि नुसरत का नाम चयन सूची में है, लेकिन उनकी ओर से अब तक योगदान को लेकर कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई है. ऐसे में उनकी ज्वाइनिंग को लेकर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं.
हिजाब विवाद पर सियासत तेज
इधर, हिजाब मामले पर सियासत भी तेज हो गई है. पूर्व सांसद आनंद मोहन ने इस पूरे विवाद पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बचाव करते हुए कहा कि जिन पर हिजाब हटाने का आरोप लगाया जा रहा है, वही नेता बिहार की बेटियों के लिए पिता की तरह काम करते रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज बिहार की बेटियां सुरक्षा बलों में शामिल होकर बंदूक उठाकर लोगों की रक्षा कर रही हैं, यह नीतीश कुमार की नीतियों का परिणाम है. आनंद मोहन ने हिजाब हटाने के आरोप को “घटिया और दोयम दर्जे की राजनीति” करार दिया. जमुई में एक निजी कार्यक्रम के दौरान आनंद मोहन ने दावा किया कि महिला आयुष चिकित्सक जल्द ही नौकरी ज्वाइन कर इस विवाद का जवाब दे देंगी. उन्होंने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक समाज के लिए जितना काम नीतीश कुमार ने किया है, उतना किसी मुस्लिम देश में भी नहीं हुआ.
क्या नुसरत परवीन ब्लैकलिस्ट हो सकती हैं?
सरकारी नियमों के मुताबिक, यदि चयनित अभ्यर्थी बार-बार अवसर दिए जाने के बावजूद निर्धारित अवधि में योगदान नहीं करता है और कोई वैध कारण या लिखित स्पष्टीकरण नहीं देता, तो संबंधित विभाग उसे नियुक्ति से वंचित कर सकता है. कई मामलों में भविष्य की भर्तियों के लिए एक निश्चित अवधि तक ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है. हालांकि, तिथि बढ़ने के बाद 31 दिसंबर 2025 तक यदि नुसरत परवीन योगदान कर देती हैं, तो ब्लैकलिस्टिंग की नौबत नहीं आएगी.
About the Author

माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर किया. वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. राजनीति, क्राइम से जुड़ी खबरें लिखने में रूचि.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.