पटना सिटी में बुधवार देर रात पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद दो भाइयों को गोली मार दी गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों भाइयों को तुरंत पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) पहुंचाया। पीएमसीएच में चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गोलीबारी में घायल दूसरे भाई आकाश का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी स्थिति गंभीर है, लेकिन हालत स्थिर बनी हुई है। इस घटना में आलू-प्याज के कारोबारी सोनू (35) की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई आकाश (21) गंभीर रूप से घायल है। घटना सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लहपुर हाट में हुई है। मुख्य आरोपी विकास कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। बकाया पैसे मांगने पर की मारपीट, इसलिए गोली मार दिया पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी विकास कुमार ने पूछताछ में बताया कि उसका पैसा आलू-प्याज व्यापारी सोनू कुमार के पास बकाया था। यही पैसा मांगने गए थे, तब दोनों भाई उनके साथ मारपीट करने लगे। इस मारपीट से वह बेहद गुस्से में था और अपने कुछ साथियों को लेकर फिर से प्याज व्यापारियों के पास पहुंचा। उसने दोनों भाईयों पर गोली चला दी, जिसमें एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल से मिले तीन खोखे, अभियुक्त की हुई पहचान घटना की सूचना मिलते ही सुलतानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं, जिससे तीन राउंड फायरिंग का अनुमान है। सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि, ‘फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद घटना में शामिल अभियुक्त की पहचान विकास कुमार के रूप में की गई है।’ इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कबाड़ी का काम करता है आरोपी थाना प्रभारी ने बताया कि, ‘प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कबाड़ी का काम करता है और इसी इलाके का निवासी है। बकाया पैसा के लेनदेन को लेकर विवाद इतनी बढ़ गई कि गोलीबारी कर दी गई।’ इस घटना के बाद मुसल्लहपुर हाट के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता है। उनका कहना है कि इलाके में पहले भी छोटे-मोटे विवाद होते रहे हैं, लेकिन फायरिंग की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.