Bihar Weather Update: बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. जहां तापमान में 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, 30-35 डिग्री तक पहुँचता पारा गेहूं की फसल के लिए ‘हीट स्ट्रेस’ पैदा कर सकता है .जिससे पैदावार में 10% तक की गिरावट संभव है. कृषि विशेषज्ञों ने मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए हल्की सिंचाई की सलाह दी है.
तापमान को लेकर क्या है पूर्वानुमान
इस समय बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार कल से दिन और रात दोनों के तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहने की संभावना जताई गई है. इससे लोगों को हल्की गर्मी का एहसास होने लगेगा.
सिर्फ पटना ही नहीं, बल्कि राज्य के कई अन्य जिलों में भी होली के बाद तापमान में क्रमिक वृद्धि का पूर्वानुमान है. इसके साथ ही पछुवा हवा की रफ्तार तेज हो सकती है. कुल मिलाकर आने वाले दिनों में मौसम धीरे-धीरे पूरी तरह गर्म मिजाज में नजर आने लगेगा. पूरा मार्च पंखे और कूलर से काम चलाना पड़ेगा. एसी की अभी जरूरत नहीं पड़ने वाली है.
किसानों के चिंता का विषय
दिन और रात का बढ़ता तापमान, पछुवा हवा की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. मौसम के इस गर्म मिजाज का असर रबी फसलों के उत्पादन पर पड़ना तय है. ज्यादा पारा चढ़ा तो गेहूं के दाने छोटे होंगे. इसके साथ पछुआ शुरू होने पर रबी उत्पादन में 5 से 10 फीसदी तक गिरावट आ सकती है. कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार बाली और दाना आने के समय आदर्श तापमान 16 से 22 डिग्री के बीच होना चाहिए. तापमान 25 डिग्री से बढ़ते ही फसलों पर हीट स्ट्रेस का असर होने लगता है. 30 डिग्री से ऊपर का तापमान फसल को नुकसान पहुंचने लगता है. 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान जाने पर पैदावार में भारी गिरावट होती है.
किसानों के लिए क्या हैं सुझाव?
कृषि एक्सपर्ट ने किसानों को कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी है. खेत में हल्की सिंचाई करें ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे. दोपहर के समय खेत की निगरानी बढ़ाएं. जिन खेतों में नमी कम है, वहां तुरंत पानी दें. कीट और रोग पर नजर रखें, क्योंकि गर्मी में इनका प्रकोप बढ़ सकता है.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| पटना | 31.2 | 18.2 | 158 |
| मुजफ्फरपुर | 29 | 17.2 | 189 |
| गयाजी | 31.6 | 15 | 172 |
| पूर्णिया | 30.6 | 15.3 | 160 |
| भागलपुर | 31.1 | 14.7 | 98 |
नोट- ये आंकड़े मंगलवार के हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.