15 से 20 मार्च तक खतरे की घंटी
आईएमडी की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 15 मार्च से 20 मार्च के बीच बिहार के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने इस अवधि के लिए अलग-अलग दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
आज बारिश का अलर्ट
आज इन जिलों में बारिश
आज यानी 15 मार्च को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, खगड़िया, पटना, जहानाबाद, गयाजी, नालंदा, नवादा, शेखपुरा और बेगूसराय में हवा की गति 40 किमी प्रति घंटे रह सकती है.
16, 17, 18 इन इलाकों में बारिश
- 16 मार्च को लगभग पूरे बिहार में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. इस दिन अधिकांश जिलों को येलो जोन में रखा गया है. यह है कि लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने और सतर्क रहने की जरूरत है.
- 17 मार्च को मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है. इस दौरान पश्चिमी बिहार के कई जिले ग्रीन जोन में रहेंगे, जहां किसी बड़े मौसमीय खतरे की संभावना नहीं है. हालांकि उत्तर और पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश और तेज हवा की स्थिति बनी रह सकती है. पटना समेत कई जिलों में भी ऐसा ही हाल रहेगा.
- मौसम विभाग के अनुसार 18 मार्च से 20 मार्च तक फिर से उत्तर-पूर्वी बिहार के कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. इस दौरान दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, सहरसा कर मधेपुरा समेत कई जिलों में खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है.
तापमान 37°C पार
बिहार में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है और कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान कैमूर जिले में 37.3°C दर्ज किया गया है, इसके बाद गाया में 37.1°C तापमान रिकॉर्ड किया गया. तीसरे स्थान पर शेखपुरा रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.8°C दर्ज किया गया. वहीं औरंगाबाद में 36.4°C और नालंदा के राजगीर क्षेत्र में 35.9°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. इन जिलों में तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को दिन के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| पटना | 34.4 | 22.2 | 165 |
| मुजफ्फरपुर | 31.8 | 22.5 | 115 |
| गयाजी | 37.1 | 18.8 | 150 |
| पूर्णिया | 33 | 22.7 | 158 |
| भागलपुर | 35.6 | 19.4 | 142 |
(नोट- ये आंकड़े शनिवार के हैं.)
बदलते मौसम में रखें सेहत का ख्याल
बिहार में जहां कभी तेज धूप और कभी अचानक बारिश हो रही है. जोकि सेहत के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है. ऐसे समय में खुद को सुरक्षित रखने के लिए यहां 5 महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए हैं:
- हाइड्रेटेड रहें: तापमान बढ़ने के कारण शरीर में पानी की कमी हो सकती है. दिन भर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं. इसके अलावा नींबू पानी, नारियल पानी या ताजे फलों के रस का सेवन करें ताकि शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बना रहे.
- खान-पान में सावधानी: बेमौसम बारिश और नमी के कारण बैक्टीरिया जल्दी पनपते हैं. बाहर के खुले भोजन या कटे हुए फलों से बचें। घर का बना ताजा और सुपाच्य भोजन ही लें. इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए अदरक, तुलसी और काली मिर्च का काढ़ा या चाय ले सकते हैं.
- कपड़ों का सही चुनाव: धूप और गर्मी से बचने के लिए सूती और हल्के रंगों के कपड़े पहनें. चूंकि शाम को मौसम ठंडा हो सकता है या बारिश हो सकती है, इसलिए अपने साथ एक हल्का जैकेट या फुल आस्तीन के कपड़े रखें ताकि तापमान में अचानक होने वाले बदलाव से बचा जा सके.
- एलर्जी और इन्फेक्शन से बचाव: बारिश के बाद अचानक होने वाली नमी से वायरल इंफेक्शन या सर्दी-खांसी का खतरा बढ़ जाता है. भीगने से बचें और अगर भीग जाएं तो तुरंत स्नान कर साफ कपड़े पहनें. घर के आसपास पानी जमा न होने दें ताकि मच्छरों से होने वाली बीमारियों से सुरक्षा मिल सके.
- सन प्रोटेक्शन और छाता: घर से निकलते समय धूप का चश्मा और छाता साथ जरूर रखें. छाता आपको तेज धूप और अचानक होने वाली बारिश, दोनों से बचाने में मददगार साबित होगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.