पटना: बसंत ऋतु प्रकृति का रिफ्रेश बटन होती है. इस मौसम में खेतों में हरे-भरे गेहूं और पीली-पीली सरसों लहलहाती नजर आती है. मौसम का मिजाज भी बिल्कुल खुशनुमा रहता है. इसी समय सर्दी धीरे-धीरे खत्म होने लगती है और हल्की गर्माहट महसूस होने लगती है. बिहार में इन दिनों ऐसा ही मौसम है. सुबह-शाम ठंडक रहती है, लेकिन दिन में धूप सुहानी लगती है. बसंत ऋतु अपने पूरे मूड में है. धीरे-धीरे सुबह-शाम की हल्की ठंडक धीरे-धीरे गायब हो रही है. दिन के समय धूप तेज होती जा रही है. आईएमडी के आंकड़े बताते हैं कि बिहार का अधिकतम तापमान 31°C के पार पहुंच चुका है. यह साफ संकेत है कि सर्दी अब विदाई के मूड में है. राजधानी पटना वाले तो कम स्पीड पर पंखा भी चलाने लगे हैं. हालांकि, अभी फरवरी के अंतिम दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा. घना कोहरा और बारिश का अभी कोई चांस नहीं है.
जानें कब से नहीं पड़ेगी रजाई की जरूरत?
पटना मौसम की गतिविधियों पर नजर रखने वाले जानकार बताते हैं कि दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी जारी है. अगर यही ट्रेंड जारी रहा तो होली के बाद रात का तापमान काफी हद तक बढ़ सकता है और ज्यादातर इलाकों में रजाई या भारी कंबल की जरूरत खत्म हो जाएगी. फिलहाल पूरी फरवरी लोग बसंत ऋतु का आनंद उठा सकेंगे. सुबह हल्की ठंडक कुछ दिन और रह सकती है. इसलिए पूरी तरह से गर्मी वाले कपड़ों पर शिफ्ट होने में थोड़ा समय लग सकता है. होली के बाद ही गर्मी का अहसास होगा.
शहरों का तापमान और AQI
| शहर |
तापमान अधिकतम/न्यूनतम |
AQI |
| पटना |
27.9/15.4 |
206 |
| मुजफ्फरपुर |
27.4/14.3 |
137 |
| गयाजी |
28.2/12.4 |
166 |
| पूर्णिया |
28.2/13.7 |
120 |
| भागलपुर |
27.3/10.6 |
89 |
नोट – ( ये आंकड़े मंगलवार के हैं )
लंबे समय के बाद है मौसम किसानों के अनुकूल
कृषि एक्सपर्ट के अनुसार लंबे समय के इंतजार के बाद इस बार बसंत ऋतु अपने असली स्वरूप में नजर आ रही है. यह मौसम आम, लीची, गेहूं, दलहन और तिलहन जैसी फसलों के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है. खास तौर पर आम और लीची के पेड़ों में मंजर आने के लिए मौजूदा तापमान और वातावरण अनुकूल है. जानकारों का कहना है कि जितना ज्यादा मंजर बनेगा, उतनी ही बेहतर फलन की संभावना होगी. वहीं, गेहूं की फसल के लिए भी यह मौसम फायदेमंद है. इससे दाने भरपूर और मजबूत बनने की उम्मीद है.
बिहार में इन जिलों में अभी से पड़ रही गर्मी
सोमवार के आंकड़ों पर नजर डालें तो
बिहार का सर्वाधिक अधिकतम तापमान कैमूर में 31.1°C दर्ज हुआ. इस जिले में अभी से ही लोगों को गर्मी महसूस होने लगी है. इसके अलावा, शेखपुरा में 29.8°C,
सुपौल में 29.4°C, खगड़िया और डेहरी में दिन का तापमान 29.2°C दर्ज हुआ. पूरे बिहार में धूप काफी तेज निकल रही है. इस लिस्ट में पटना भी शामिल है. जहां का अधिकतम तापमान 28°C दर्ज हुआ. सभी जिलों में दिन का तापमान 27°C से 32°C के बीच दर्ज किया जा रहा है.
रात की बात करें तो
बांका में लोग अब पतली से चादर से भी काम चला ले रहे हैं. यहां की रात पूरे बिहार में सबसे गर्म रही. न्यूनतम तापमान 18.6°C दर्ज हुआ. जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.6°C सबौर में दर्ज किया गया. कुल मिलाकर अधिकांश जिलों में रात का तापमान भी बढ़ रहा है. घना कोहरा और बारिश का तो फिलहाल कोई पूर्वानुमान ही नहीं है.