इन जिलों में तो अभी से ही गर्मी
सबसे अधिक तापमान कैमूर में 31.6°C दर्ज हुआ, हालांकि यहां 24 घंटे में 0.2°C की हल्की गिरावट आई. इसके बाद नालंदा (राजगीर) में 30.9°C और शेखपुरा में 30.1°C तापमान रिकॉर्ड हुआ. इससे यह मालूम चलता है कि दक्षिण-मध्य बिहार तेजी से गर्म हो रहा है. इसके अलावा, 30°C के आसपास रहने वाले दूसरे जिलों में डेहरी 30°C और फारबिसगंज 30.2°C शामिल हैं. इसके अलावा, लगभग 15 जिलों का अधिकतम तापमान 29°C से 30°C के बीच दर्ज हुआ. यह बताता है कि बिहार के अधिकांश जिलों में गर्मी अब धीरे धीरे ही सही लेकिन बढ़ रही है.
मार्च शुरू होते ही कूलर करना पड़ेगा चालू
एक्सपर्ट के अनुसार 29-32°C का यह तापमान रेंज प्री-समर ट्रांजिशन का संकेत है. यानी अभी आधिकारिक गर्मी शुरू नहीं हुई, लेकिन तापमान का स्तर बता रहा है कि मार्च की शुरुआत से ही लोगों को गर्मी महसूस अधिक होने लगेगी. एक या दो हफ्ता बीतने के बाद कूलर की जरूरत महसूस होने लगेगी. अगर अगले कुछ दिनों में हवा शुष्क रहती है तो यही जिले सबसे पहले तेज गर्मी की चपेट में आ सकते हैं.
कहीं-कहीं उतार चढ़ाव भी जारी
दिलचस्प बात यह है कि कई जिलों में दिन का तापमान बढ़ रहा है लेकिन रात का तापमान घट रहा है. उदाहरण के लिए मधुबनी में अधिकतम तापमान 27.5°C रहा जो 2.2°C गिरा, जबकि न्यूनतम तापमान भी 14°C रहा. इसी तरह पूर्णिया में दिन का तापमान 1.1°C गिरा लेकिन रात अभी भी ठंडी बनी हुई है. यह उतार-चढ़ाव वाला मौसम लोगों को बीमार कर सकता है.
क्या है बिहार में गर्मी का हाल
उत्तर बिहार के जिलों में तापमान बाकियों की तुलना में अभी बैलेंस है, जबकि दक्षिण और पश्चिम बिहार में गर्मी तेजी से बढ़ रही है. कैमूर, औरंगाबाद, बक्सर और डेहरी जैसे इलाकों में दिन का तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है. वहीं पूर्वी जिलों जैसे कटिहार, भागलपुर और बांका में तापमान थोड़ा कंट्रोल में है.
लोगों को कर रहा है बीमार
मौसम एक्सपर्ट कहते हैं कि इस तरह का तापमान शरीर पर असर डाल सकता है. सुबह-शाम हल्की ठंड और दोपहर में तेज गर्मी के कारण सर्दी-जुकाम, एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. इसलिए लोगों को सुबह हल्का गर्म कपड़ा और दिन में हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है.
आगे का हाल कैसा रहेगा
मौसम वैज्ञानिक कहते हैं कि आने वाले दिनों में अगर हवा की दिशा पश्चिमी बनी रहती है तो दिन का तापमान और बढ़ सकता है. फिलहाल पूर्वानुमान यही है कि होली से पहले बिहार में गर्मी का असर धीरे-धीरे तेज होने वाला है, जबकि रात की ठंड कुछ दिन और बनी रह सकती है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.