मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम सामान्य और साफ बना रहेगा. फरवरी की शुरुआत में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जरूर जताई गई है, लेकिन फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं. दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी. इससे ठंड का असर कम होता चला जाएगा.
आज ऐसा रहेगा मौसम
आज यानी शुक्रवार को बिहार का मौसम साफ और शुष्क बने रहने की संभावना है. आईएमडी के पूर्वानुमान की मानें तो सुबह के समय पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर और मधुबनी में घने कोहरे का असर देखा जा रहा है, जबकि राज्य के बाकी जिलों में हल्का या नाममात्र का कुहासा छाया हुआ है. जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ेगा, धूप खिलने की पूरी उम्मीद है. इससे ठंड से लोगों को राहत मिलेगी. कोहरे को देखते हुए इन छह जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है.
फरवरी में बारिश का आसार
मौसम विभाग की ओर से कल से लेकर 05 फरवरी तक कोहरा या कोल्ड डे को लेकर किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है. इस दौरान आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने की संभावना जताई गई है. वहीं 03 फरवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में हल्की बारिश हो सकती है. इसके अलावा राज्य के बाकी जिलों में मौसम शुष्क और सामान्य बना रहेगा.
इस दौरान दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान है. आने वाले दिनों में राज्य के अनेक स्थानों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान मे 2-4°C की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है.
रात का तापमान पहुंचा 10°C के पार
गुरुवार को दिन और रात के तापमान में उतार चढ़ाव लगा रहा. दिन का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 26.6°C सुपौल में जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 21.8°C सासाराम में दर्ज हुआ. रात की बात करें तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.4°C वाल्मीकि नगर में जबकि सबसे अधिक 16°C कैमूर में दर्ज हुआ. अधिकांश जिलों के न्यूनतम तापमान मामूली बढ़ोतरी देखी गई. सबसे कम दृश्यता 300 मीटर वाल्मीकि नगर (पश्चिम चम्पारण) में दर्ज किया गया.
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| पटना | 24.9 | 14.4 | 120 |
| मुजफ्फरपुर | 24 | 14.2 | 107 |
| गयाजी | 24 | 13.9 | 157 |
| पूर्णिया | 25.8 | 12.8 | 110 |
| भागलपुर | 25.5 | 13.4 | 93 |
नोट- ये आंकड़े गुरुवार के हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.