- सासाराम में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का पुतला जलाया गया
सासाराम में भाकपा माले के जिला कमेटी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंका. लोग वेनेजुएला के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी की गिरफ्तारी के खिलाफ सड़क पर उतरे. सासाराम के कुशवाहा सभा भवन से जुलूस के शक्ल में निकालकर पूरे नगर का भ्रमण करते हुए यह लोग पोस्ट ऑफिस चौराहा पर पहुंचे. डोनाल्ड ट्रंप का पुतला जलाया गया. साथ ही अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की. माले के जिला सचिव अशोक बैठा ने कहा कि अमेरिका की पूंजीवादी एवं साम्राज्यवादी नीति के कारण दुनिया के कई देश परेशान हैं. ऐसे में अमेरिका के इस नीति के खिलाफ दुनिया भर में विरोध प्रदर्शन हो रहा है.
- मंत्री श्रेयसी सिंह का बयान
जमुई दौरे पर आई बिहार सरकार की खेल एवं आईटी मंत्री श्रेयसी सिंह ने उत्तराखंड के एक मंत्री के पति द्वारा बिहारी महिलाओं को लेकर दिए गए बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कड़ा ऐतराज जताया. मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह का बयान महिलाओं का अपमान है. इसे माफी योग्य नहीं माना जा सकता. उन्होंने कहा कि भले ही सोशल मीडिया पर माफी मांगी हो,लेकिन वह उन्हें माफ नहीं करेंगी.
- मोतिहारी में 30 लाख की शराब जब्त
मोतिहारी में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 30 लाख रुपए की यूपी निर्मित शराब को पकड़ा है. मोतिहारी के मधुबन उत्पाद थाने की पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि पकड़ी दयाल इलाके में अनिल कुमार यूपी नंबर ट्रक से शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है, जिसके बाद उत्पाद की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹30 लाख की ब्रांडेड शराब के 100 कार्टून जब्त किए. मधुबन उत्पाद थाने के इंस्पेक्टर शिवेंद्र कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए कहा यूपी से शराब की बड़ी खेप ट्रक में तहखाना बनाकर पशुचारा के बीच में छिपाकर लाई जा रही थी, जिसके बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब और गाड़ी के साथ पशु चारा को भी जब्त किया. पुलिस जानकारी जुटाने में लगी है कि आखिर शराब की खेप कहां लाई जा रही थी कौन-कौन लोग इसमें शामिल हैं. शराब किसको डिलीवर करने वाला था.
- आलू के नीचे, शराब की तस्करी, सीवान पुलिस ने पकड़ा
सीवान पुलिस ने आलू की आड़ में शराब की तस्करी का खुलासा हुआ है. 20 लाख मूल्य की शराब को जब्त किया. ये कारवाई बिहार यूपी के बॉर्डर धरनी छापर चेक पोस्ट पर तैनात मैरवा पुलिस की जवान ने की है. जब तैनात मैरवा थाना की पुलिस एक ट्रक को रोका तब पुलिस के होश उड़ गया. आलू के बोरे में छिपाकर लाखों रुपए मूल्य की विदेशी शराब रखी गई थी. तड़के सुबह मैरवा प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में चल रही सघन जांच के दौरान धरनी छापर चेकपोस्ट से उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक आलू से लदी ट्रक से शराब की बड़ी खेप बरामद किया है. इस मामले में ट्रक के चालक और एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है. गिरफ्तार चालक और युवक हरियाणा के हिसार जिले के बरुवला थाना के अमित कुमार और बुना थाना के साहिल कुमार है. ये खेप हरियाणा से सीधे यूपी के रास्ते दरभंगा जा रही थी. पुलिस की जांच में आलू के खेप में हरियाणा निर्मित अग्रेजी शराब 2279 लीटर मिला है जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपया की जा रही है. पुलिस जांच में जुटी है कि ये ट्रक किसके नाम से है और ये खेप दरभंगा में कौन मंगाया था ताकि शराब माफिया की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी की जा सके.
- बेगूसराय में ई रिक्शा-कार की टक्कर, 1 की मौत
बेगूसराय में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. ई-रिक्शा और तेज रफ़्तार चार पहिया वाहन की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई. घटना परिहारा थाना क्षेत्र के मलकुआ गांव की है. मृत महिला की पहचान खगरिया जिले के गगौर थाना क्षेत्र के बेला सिमरी के रहने वाले महेश महतो की पत्नी बेचनी देवी के रूप में की गई. बताया जा रहा है कि वेचनी देवी अपने परिवार के दो अन्य महिलाओं के साथ ई-रिक्शा से बेगूसराय जिले के बखरी इलाज के लिए आ रही थी. इसी क्रम में परिहारा थाना क्षेत्र के मलकुआ के पास तेज रफ्तार वाहन ने ई-रिक्शा में जोरदार ठोकर मार दी. जिससे रिक्शा पर सवार अन्य दो लोग दूसरी दिशा में गिर गए लेकिन बेचनी देवी सड़क की ओर गिरी जिससे उनको गंभीर चोटे आई. जब तक परिजन उन्हें इलाज के लिए बखरी आती तब तक रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. फिलहाल, बखरी थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है. बेचनी देवी की मौत से परिजनों में काफी मायूसी छा गई है.
- मधुबनी में जाम हटाने गई पुलिस पर हमला, 200 के खिलाफ केस दर्ज
मधुबनी जिले में सड़क जाम हटाने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. घटना बासोपट्टी थाना क्षेत्र के अरघवा पंचायत की है, जहां सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया था. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जाम हटाने का प्रयास किया, तो उग्र भीड़ ने पथराव और धक्का-मुक्की शुरू कर दी. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया. इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. साथ ही 19 नामजद और करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.
- सासाराम में चला बुलडोजर, वक्फ की संपत्ति बताकर लोगों ने रोका
सासाराम के समाहरणालय के सामने अतिक्रमण को लेकर चलाया जा रहे अभियान के तहत जब जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर सड़क पर उतरी तो हड़कंप मच गया. कलेक्ट्रेट के सामने मछली मंडी के पीछे जब अतिक्रमण हटाए जाने लगा तो कुछ लोग इसे वक्फ बोर्ड की संपत्ति बताते हुए इसका विरोध करने लगे. इसके बावजूद नगर निगम का बुलडोजर ने कार्रवाई की है, लेकिन आंशिक रूप से ही अतिक्रमण हटाया जा सका. कुछ लोगों का दावा है कि यह वक्फ बोर्ड की संपत्ति है. इस पर जिला प्रशासन का कोई सरोकार नहीं है. मामला न्यायालय के अधीन भी है. बता दें कि समाहरणालय के सामने शेरशाह शुरू का मकबरा मुख्य गेट के पूरब की ओर खाली जमीन है. इसके कुछ हिस्से में मछली मंडी लगती है. बाकी के हिस्से में गंदगी का अंबार रहता है. नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान एवं स्वच्छता अभियान के तहत इसकी भी सफाई की जा रही है. जिसके कारण बस बोर्ड से जुड़े लोग इसका विरोध कर रहे हैं. इन लोगों का आरोप है कि वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर बुलडोजर चलाया जा रहा है. यहां पर कोई पक्का निर्माण नहीं है. कुछ लोगों द्वारा झोपड़ी तथा बांस बल्ला खड़ा कर दिया गया, उसे ही बलपूर्वक हटाया गया.
- 55 श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रक से टकराई, टल गया हादसा
जमुई जिले के खैरा बाजार में रविवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. तीर्थ यात्रियों से भरी एक बस सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई. गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री को जानमाल का नुकसान नहीं हुआ. हालांकि, कुछ तीर्थ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज खैरा स्थित अस्पताल में चल रहा है. हादसे में बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय खैरा बाजार और आसपास के इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था. आशंका जताई जा रही है कि कोहरे के कारण ट्रक की लाइट और इंडिकेटर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दी, जिससे यह दुर्घटना हुई. बस में सवार तीर्थ यात्री आगरा से गया होते हुए देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे. बताया कि बस में कुल 55 तीर्थ यात्री सवार थे. अचानक सामने से आ रहे ट्रक की न तो लाइट दिखी और न ही इंडिकेटर, जिससे बस की उससे सीधी टक्कर हो गई. घटना की सूचना मिलते ही खैरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बस को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया गया. यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की गई, ताकि वे अपनी यात्रा आगे जारी रख सकें.
- मुजफ्फरपुर आयेंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, 8 जनवरी को आने की संभावनामुजफ्फरपुर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पहुंचने को लेकर युद्ध स्तर तैयारी शुरू कर दी गई. 8 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आने की संभावित तिथि बताई जा रही है. वे मुसहरी प्रखंड के मधुबनी पंचायत में आ रहे हैं. मुखमंत्री नीतीश कुमार के आगमन को लेकर मधुबनी पंचायत को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है. पंचायत सरकार भवन बन कर तैयार तो दुसरे तरफ विवाह भवन निर्माण को भी शुरू कर दिया गया. वहीं, गांव के तालाब का चबूतरा निर्माण कार्य युद्ध स्तर किया जा रहा है.गांव की सड़कों दुरूस्त किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कई योजनाओ का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. इसके साथ पिछले साल की प्रगति यात्रा के दौरान किए गए घोषणाओं के कार्यों की अधिकारियों के साथ समीक्षा भी कर सकते हैं.
- दानापुर में कड़ाके की सर्दी, 9 डिग्री पहुंचा पारा
दानापुर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में पटना समेत संपूर्ण बिहार आ गया है. राजधानी पटना के दानापुर में ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. आज सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ. आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त नजर आया. मौसम विभाग के अनुसार आज दानापुर-पटना का न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. ठंडी हवाओं के कारण तापमान से ज्यादा ठंड का अहसास हो रहा है. ठंड से बचाव के लिए खुद से किये गए चौक-चौराहों और सड़कों के किनारे अलाव कि व्यवस्था ही लोगों का मुख्य सहारा बने हुए हैं. हालांकि, जरूरत के मुकाबले सरकारी व्यवस्था नाकाफी दिख रही है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.