- पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचे अमित शाह, सम्राट चौधरी और लेसी सिंह ने किया स्वागत
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विशेष विमान से पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचे. उनके आगमन पर बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह समेत करीब 27 नेताओं ने एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान प्रमंडलीय आयुक्त, आईजी, डीएम और एसपी सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे. गृह मंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. उनके सीमांचल प्रवास को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
- मोतिहारी में जमीन विवाद में महागठबंधन समर्थित नेता गिरफ्तार
मोतिहारी: महागठबंधन समर्थित नेता और पूर्व विधायक प्रत्याशी रामेश्वर शाह को पुलिस ने मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले जमीन विवाद को लेकर उन्होंने अपने ही भतीजे की कथित रूप से जमकर पिटाई कर दी थी. इस घटना का वीडियो पास के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो बाद में सामने आया. मामले में भतीजे द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर छतौनी थाना पुलिस ने कार्रवाई की.जांच के बाद पुलिस ने रामेश्वर शाह को गिरफ्तार कर लिया.
- होली से पहले मोतिहारी में पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक
मोतीहारी में होली से पहले मधुबन थाना पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 12 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त की है. पुलिस ने शादी-विवाह में चलने वाली गाड़ी के स्टिकर लगे एक स्कॉर्पियो से यूपी ब्रांडेड शराब की बड़ी खेप बरामद की. जानकारी के अनुसार कूदरीन अंसारी, कुशीनगर से शराब लेकर आ रहा था. मधुबन थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस ने दुलमा के पास वाहन को रोका और तलाशी के दौरान शराब पकड़ी. होली को देखते हुए पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक माना जा रहा है.
- पटना यूनिवर्सिटी चुनाव: ABVP उम्मीदवार अनुष्का ने दर्ज कराई एफआईआर
पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव को लेकर माहौल गरमाता जा रहा है. एबीवीपी की प्रेसिडेंट पद की उम्मीदवार अनुष्का ने धमकियों और अश्लील संदेशों से परेशान होकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. अनुष्का का आरोप है कि चुनाव लड़ने के कारण कुछ लोग उन्हें लगातार आपत्तिजनक मैसेज भेजकर डराने और दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं. अनुष्का ने स्पष्ट शब्दों में कहा, ‘मैं कमजोर नहीं हूं, चुनाव जीतकर जवाब दूंगी.’
- बिहार विधानसभा में उठी कांवड़िया पथ की मांग
बिहार विधानसभा में कांवड़िया पथ निर्माण को लेकर जोरदार चर्चा हुई. विभिन्न दलों के विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए कांवड़िया पथ बनाने की मांग सरकार से की. इस पर पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने सदन में बयान देते हुए कहा कि सभी विधायकों से प्रस्ताव मंगवाए जाएंगे. प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद वे समीक्षा बैठक कर विस्तृत विचार-विमर्श करेंगे और उसके आधार पर निर्णय लिया जाएगा. मंत्री के इस आश्वासन के बाद सदन में ‘हर हर महादेव’ के जोरदार नारे लगे.
- राउस एवेन्यू कोर्ट नहीं जाएंगे लालू-राबड़ी , सामने आया कारण
Lalu Prasad Yadav और Rabri Devi आज (बुद्धवार) राउस एवेन्यू कोर्ट में पेश नहीं होंगे. दिल्ली स्थित आवास के सूत्रों के अनुसार दोनों नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए राजधानी के एक अस्पताल जाएंगे. बता दें कि, जमीन के बदले नौकरी मामले तथा आरोपी अमित कत्याल से जुड़े प्रकरण में आज Rouse Avenue Court में सुनवाई निर्धारित है. हालांकि, इस दौरान लालू यादव और राबड़ी देवी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं रहेंगे. उनकी ओर से अदालत में उनके अधिवक्ता मौजूद रहकर पक्ष रखेंगे.
- मधुबनी में अपराधी बेखौफ, दिनदहाड़े युवक पर की फायरिंग
Madhubani जिले में अपराधी बैखोफ हो गए हैं. रहिका थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने दरवाजे पर बैठे युवक परीक्षण पासवान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. जानकारी के अनुसार अपराधियों ने तीन राउंड गोली चलाई. गनीमत रही कि परीक्षण पासवान बाल-बाल बच गए. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए. युवक ने शोर मचाते हुए अपराधियों को खदेड़ने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए. घटनास्थल से दो खोखा बरामद हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.