- बेतिया में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, 10 लोग घायल
पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया. हनुमान चौक पर एक ठेला पर रखे रसोई गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में करीब 10 लोग घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ठेला पर रखा गैस सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया. उस समय ठेला के आसपास कई लोग मौजूद थे, जो विस्फोट की चपेट में आ गए
- नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को मंत्री अशोक चौधरी का रिप्लाई
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने cag रिपोर्ट पर सवाल खड़े किए हैं. इस पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि उन्हें किसी भी समय संवैधानिक संस्था पर विश्वास नहीं है. निर्वाचन आयोग पर उन्हें विश्वास नहीं है. उन्हें cag पर विश्वास नहीं है. उन्हें पीएमओ पर विश्वास नहीं है तो इतने दिन से ठीक कैसे चल रहा है. अपने 15 सालों का हिसाब वह दें अगर उन्हें cag रिपोर्ट में कुछ गड़बड़ी दिखती है तो सुप्रीमकोर्ट हाईकोर्ट जाएं वह कैसे cag रिपोर्ट को चैलेंज कर सकते हैं. वहीं किंग महेंद्र से जदयू ने पैसे लिए हैं इस पर अशोक चौधरी ने कहा वो हमारे पार्टी के सांसद हैं और स्थापित व्यवसायी हैं. इसमें कहा कुछ गलती है. राजद जो सवाल खड़े कर रही है. राजद ने शराब कंपनियों से चंदा लिया है, जबकि शराब बिहार में बंद है और इसीलिए यह लोग बराबर शराबबंदी के खिलाफ में बोलते हैं. यह चाहते हैं कि जब उनकी सरकार आएगी तो शराबबंदी को खत्म कर दिया जाएगा.
- होली से पहले मधेपुरा में सख्ती, कोडीन युक्त कफ सिरप के साथ तस्कर गिरफ्तार
होली पर्व को लेकर मधेपुरा में मद्द निषेध विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी क्रम में शंकरपुर थाना क्षेत्र के मौरा कबियाही गांव से बड़ी कार्रवाई सामने आई है. पुलिस ने 370 पीस प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप के साथ सुशील यादव नामक तस्कर को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी में शराब के नशे में सात लोगों को भी पकड़ा गया है. सभी आरोपियों के खिलाफ मद निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है. मामले की जानकारी देते हुए दुर्गेश कुमार ने बताया कि होली के मद्देनजर जिले में लगातार वाहन जांच, छापेमारी और गश्ती तेज कर दी गई है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशा कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
- बिहार से उत्तराखंड चलेगी स्पेशल ट्रेन
होली के त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने किशनगंज से उत्तराखंड के लालकुआं के बीच होली स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. गाड़ी संख्या 05741 और 05742 के रूप में संचालित होने वाली यह विशेष ट्रेन साप्ताहिक आधार पर कुल चार फेरे लगाएगी. इस ट्रेन का परिचालन शुरू होने से सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को नैनीताल, हल्द्वानी और उत्तराखंड के अन्य प्रमुख शहरों तक यात्रा करने में बड़ी सुविधा मिलेगी.
- आज पूर्णिया में अमित शाह की बैठक
पूर्णिया में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है. इस बैठक में बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी के साथ-साथ कई केंद्रीय एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे. बैठक में सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा, विकास योजनाओं की प्रगति, कानून-व्यवस्था की स्थिति और प्रशासनिक समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है. अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं. इस उच्चस्तरीय बैठक को आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है.
- नवादा में गरजा बुलडोजर
नवादा के रजौली में जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाया गया. कई साल से भूमि को कब्जे से पुलिस एवं प्रशासन की टीम की मौजूदगी में अतिक्रमण को हटाया गया. रजौली एसडीएम के आदेश के बाद यह कार्रवाई हुई है. जहां एनएच 20 पर बांके मोड़ स्थित एक कब्जे वाली भूमि को पुलिस एवं प्रशासन की टीम ने अतिक्रमण मुक्त कराया. इस दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में मनरेगा पीओ विजय रंजन परमार एवं पुलिस टीम की मौजूदगी में अतिक्रमण को हटाया गया. कब्जे वाली भूमि को जेसीबी मशीन एवं मानव बल की सहायता से हटाया गया.
- पटना NH-139 पर भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से युवक की मौत
पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरौरा गांव के पास एनएच-139 पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान रसतमगंज निवासी महेश कुमार उर्फ सौरभ कुमार, पिता श्याम बाबू साव के रूप में हुई है. हादसा इतना भीषण था कि सौरभ कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, घायल युवक की पहचान विवेक कुमार के रूप में हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स पटना रेफर किया गया है.
- मोतिहारीः रीलबाज दोस्त ने कर दी युवक की हत्या
मोतिहारी के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में 22 तारीख को युवक की चाकू से रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई. अज्ञात शव की पहचान 24 तारीख को विशाल के रूप में हुई. जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा सामने आया. बताया जा रहा है कि मृतक विशाल को रील बनाने का शौक था. अपने ‘रील वाले दोस्त’ की बहन से इसी चक्कर में प्रेम संबंध हो गया था. दोस्त की बहन के साथ रील वाला वीडियो देखने के बाद नाराज प्रेमिका के भाई ने हत्या की साजिश रच डाली. आरोप है कि पहले विशाल को बिरयानी खिलाने के लिए बुलाया. सुनसान जगह पर बिरयानी खाया, सिगरेट पिलाया और उसको अपने भरोसे में लिया. फिर योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर दी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.