- औरंगाबादः विवाहिता की गला दबाकर हत्या, पति फरार
औरंगाबाद में एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर शव को फंदे से लटका दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना सलैया थाना क्षेत्र के मचानी गांव की है. पुलिस ने फंदे से झूलता उसका शव बरामद किया है. मृतका रिंकी देवी के मायकेवालों ने उसके ससुरालवालों पर दहेज की खातिर हत्या कर दिए जाने का आरोप लगाया है. परिजनों ने बताया कि 9 माह पूर्व ही बड़े ही धूमधाम से उसकी शादी की थी और वह 4 माह की गर्भवती भी थी. हत्या की घटना को अंजाम देकर उसका पति और ससुर फरार हो गया है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.
- सीतामढ़ीः होली और ईद को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील
सीतामढ़ी के पुपरी अनुमंडल में होली और ईद पर्व को लेकर SDO और DSP के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. इस दौरान जिला प्रशासन के द्वारा आम लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में दोनों पर्व शांतिपूर्ण सद्भाव पूर्ण माहौल में संपन्न कराने की अपील की गई. जिला प्रशासन के द्वारा इस दौरान समाज में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया.
- होमगार्ड बहाली को लेकर बेगूसराय में प्रदर्शन, कलेक्टर ने नहीं उठाया मंत्री का कॉल
बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां बिहार गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय में होमगार्ड बहाली की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का धरना चौथे दिन भी जारी रहा. धरना में कुल 419 अभ्यर्थी शामिल हैं और बहाली प्रक्रिया पूरी नहीं होने से उनमें गहरा रोष देखा जा रहा है. धरना पर बैठे अभ्यर्थियों ने आज बिहार सरकार के गन्ना मंत्री संजय पासवान को घेर लिया और अपनी समस्याएं विस्तार से बताईं. अभ्यर्थियों की व्यथा सुनने के बाद मंत्री ने मौके पर ही बेगूसराय के जिलाधिकारी को मोबाइल से फोन लगाया, लेकिन कथित तौर पर फोन रिसीव नहीं होने पर वे नाराज हो गए. मंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक मंत्री का भी फोन जिला अधिकारी द्वारा नहीं उठाया जाता. धरना स्थल से जुड़ा यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अभ्यर्थी मंत्री को घेरकर अपनी मांगों को रखते नजर आ रहे हैं. मंत्री ने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को सदन में भी उठाएंगे.
- ईरान-इजराइल युद्ध पर क्या बोले JDU नेता संजय झा
पटना: ईरान और इजराइल हमलों पर JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा, “देश के बहुत से लोग खाड़ी देशों में रहते हैं. हमें वहां से बहुत फोन आ रहे हैं आज सुबह मुख्यमंत्री ने बताया कि विदेश मंत्री से बात हुई और भी अन्य नेताओं से बात हुई है. सभी हवाई अड्डे बंद हैं तो लोग घरों के अंदर रहें. भारत सरकार और MEA हालात पर नजर बनाए हुए है. जैसे ही स्थिति थोड़ी सामान्य होगी तो रास्ता निकाला जाएगा. हम सब चाहते हैं कि युद्ध रुके. दुबई हवाई अड्डा इतना मुख्य हवाई अड्डा है वो भी बंद हो गया है.”
- पीएम मोदी ने सीएम नीतीश को दी जन्मदिन की बधाई
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा- बिहार के CM श्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की बधाई. वे पिछले कई सालों से बिहार की तरक्की के लिए बिना थके काम कर रहे हैं. उनके विज़न और डेवलपमेंट स्कीम्स ने अनगिनत लोगों की ज़िंदगी पर अच्छा असर डाला है. उनकी लंबी और हेल्दी ज़िंदगी के लिए प्रार्थना करता हूं.
- हाजीपुरः चिता की राख से खेली होली, अनोखी परंपरा
हाजीपुर के ऐतिहासिक कोनहारा घाट पर इस वर्ष भव्य रूप से मसान होली (चिता-भस्म से होली) का आयोजन किया गया. यह आयोजन न केवल स्थानीय परंपरा का जीवंत उदाहरण है, बल्कि आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक बनकर उभरा. वर्षों बाद पुनर्जीवित हुई इस अनूठी परंपरा ने घाट परिसर को श्रद्धा, आस्था और उत्साह से सराबोर कर दिया. कोनहारा घाट का इतिहास अत्यंत प्राचीन और गौरवशाली रहा है. मान्यता है कि यह घाट सदियों से धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र रहा है. कुछ कारणवश यहां कई वर्षों तक मसान होली का आयोजन नहीं हो पाया था, लेकिन दो वर्ष पूर्व स्थानीय श्रद्धालुओं और आयोजकों के प्रयास से इस परंपरा को पुनः प्रारंभ किया गया. अब यह आयोजन धीरे-धीरे अपने पुराने वैभव और ऐतिहासिक स्वरूप को पुनर्जीवित करता नजर आ रहा है. मसान होली सामान्य होली से बिल्कुल अलग होती है. यहां रंग और गुलाल की जगह चिता की भस्म और अग्नि की राख से होली खेली जाती है. यह परंपरा जीवन और मृत्यु के शाश्वत सत्य को स्वीकार करने का संदेश देती है.
- छपरा में ट्रैफिक जाम लगा
छपरा के डोरीगंज के पास एक बार फिर भीषण जाम की स्थिति बन गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। छपरा-आरा पुल पर लंबी कतार में ट्रक, बस और निजी वाहन घंटों तक फंसे रहे. सुबह से ही यातायात की रफ्तार थमने लगी और देखते ही देखते पुल और आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया. जाम खत्म करने के प्रशासनिक दावे एक बार फिर बेअसर साबित हुए. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर लगातार लगने वाले जाम से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है. पुलिस मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराने में जुटी है.
- सीएम नीतीश कुमार का 75वां जन्मदिन
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं. 1 मार्च 1951 को बख्तियारपुर में जन्मे नीतीश कुमार ने बिहार की राजनीति को एक नई दिशा दी है. सड़क, बिजली और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर अपनी पहचान बनाने वाले नीतीश कुमार के इस खास दिन पर पूरे प्रदेश में जश्न का माहौल है. जेडीयू कार्यकर्ता आज के दिन को ‘विकास दिवस’ के रूप में मना रहे हैं. सीएम नीतीश की जन्मदिन को लेकर सभी नेता उन्हें बधाई दे रहे हैं.
- मंत्री रामकृपाल यादव का तेजस्वी पर निशाना, कहा- बिहार में तेजस्वी के लिए कोई स्कोप नहीं
कैमूर में बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने तेजस्वी यादव को विपक्ष और राजद की तरफ से बिहार से राज्यसभा उम्मीदवार बनाने जाने पर तंज कसते हुए कहा है कि तेजस्वी यादव का बिहार में कोई स्कोप नजर नहीं आ रहा है. जो अपने पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष हो, अब वह राज्यसभा जा रहा है. ऐसे में बिहार का जनता का भरोसा उनसे उठ चुका है. इसलिए वह लोग 75 से सीधा 25 पर आ गए. हमें लगता है कि जीरो पर हो जाएंगे इसलिए दिल्ली शिफ्ट होकर आराम करेंगे. राज्यसभा पहुंचने भर भी तो उनके पास MLA नहीं है हो सकता है अपने पार्टनर से कोई साठ गांठ कर रहे होंगे.
- पटनाः पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़
बिहार की राजधानी पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई. पीरबहोर थाना क्षेत्र के PMCH के करीब मरीन ड्राइव पर मुठभेड़ हुई. इस दौरान सुबोध सिंह गैंग का कुख्यात गुर्गा अमित कुमार उर्फ नीतीश के पैर में गोली लगी. गोली लगने के बाद घायल स्थिति में अपराधी अमित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार पटना में एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए अमित पटना आया था. जिसे पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया. अमित उर्फ नीतीश मूल रूप से वैशाली जिले का रहने वाला है और लंबे समय से अपराध जगत से जुड़ा है. अमित पटना सिविल कोर्ट में पेशी के दौरान पीयूष नामक व्यक्ति के साथ मिलकर रौशन तात्या पर हमला करने की नीयत से पहुंचा था, मगर पुलिस की सक्रियता से वारदात टल गई थी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.