Bihar Rajya Sabha Election 2026: बिहार राज्यसभा चुनाव 2026 में एनडीए की प्रचंड जीत ने विपक्षी खेमे में खलबली मचा दी है. 5-0 के क्लीन स्वीप के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मोर्चा खोलते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से इस्तीफे की मांग कर दी है. गिरिराज ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस विधायकों ने खुद राहुल गांधी को आईना दिखा दिया है. रविशंकर प्रसाद और नितिन नवीन ने विपक्षी एकता के दावों को पूरी तरह खोखला करार दिया है. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.
बिहार में राज्यसभा की सभी सीटों पर जीत के बाद बयान का दौर शुरू हो गया है.
बिहार टीम की जीत हैः नितिन नवीन
जीत के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा उम्मीदवार नितिन नवीन ने इसे पूरी टीम की सामूहिक सफलता करार दिया. उन्होंने कहा कि मैं एनडीए की इस प्रचंड जीत के लिए पूरी टीम को बधाई देता हूं. बिहार इकाई ने जो परिणाम दिया है, उसने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बिहार की जनता एनडीए के नेतृत्व में ही आगे बढ़ना चाहती है. हम बिहार के विकास को और अधिक गति देंगे.
विपक्ष की एकता पर प्रहार:रविशंकर प्रसाद
पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने इस मौके पर विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि आज का दिन उत्साह और उमंग का है. एनडीए की चट्टानी एकता ने यह परिणाम दिया है. विपक्ष को आईना देखना चाहिए क्या उनमें कोई एकता बची है? यह जीत उनके खोखले दावों का अंत है.
इस्तीफा दें तेजस्वी यादव, गिरिराज सिंह का करारा हमला
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस हार को विपक्ष की नैतिक हार बताते हुए नेता प्रतिपक्ष पर सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जिस तरह के नतीजे आए हैं, मैं समझता हूं कि तेजस्वी यादव को विपक्ष के नेता पद से तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए. वह अपना कुनबा संभालने में पूरी तरह विफल रहे हैं. कांग्रेस की स्थिति पर तंज कसते हुए उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के विधायकों ने ही राहुल गांधी को आईना दिखा दिया है कि बिहार की जमीन पर उनका कितना प्रभाव बचा है.
भविष्य की जीत का संकेत: रामकृपाल यादव
बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जिस तरह एनडीए अब तक जीतता आया है, भविष्य में भी जीत का यही सिलसिला जारी रहेगा. उन्होंने पांचों विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि बिहार के विकास के लिए यह एक सकारात्मक संकेत है.
छत्तीसगढ़ से भी मिली बधाई
बिहार चुनाव की इस धमक पड़ोसी राज्यों में भी सुनाई दी. छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने एनडीए के सभी साथियों को बधाई देते हुए कहा कि नीतीश कुमार, रामनाथ ठाकुर, नितिन नवीन, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश राम की जीत बिहार की प्रगति के लिए मील का पत्थर साबित होगी. एनडीए ने अपनी ताकत और एकजुटता का लोहा मनवा लिया है.
About the Author

मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.