Bihar Jharkhand News Today LIVE: रोहतास जिला के नटवार थाना की पुलिस ने लगभग 2 करोड़ रुपए के ठगी के मामले में गोपालगंज से राजद के एक नेता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. बताया जाता है कि पटना के पंकज कुमार सिंह ने नटवार थाना में केस दर्ज कराया था कि गोपालगंज के रहने वाले राजद के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप देव उनसे रोहतास के नटवार के एफसीआई गोदाम से चावल दिलाने के नाम पर एक करोड़ 98 लाख रुपए अलग-अलग किस्तों में ले चुके हैं. लेकिन, इसके बाद अनाज नहीं दिया गया. बाद में पता चला कि यह पूरी तरह से ठगी है. ऐसे में उन्होंने एक करोड़ 98 लाख रुपए के ठगी का आरोप लगाते हुए नटवार थाना में केस दर्ज कराया. जिस मामले में पुलिस ने गोपालगंज के प्रदीप देव सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. बता दें कि इस मामले में 11 लोगों को नामजद नियुक्त बनाते हुए केस दर्ज किया गया था. बिक्रमगंज के एएसपी संकेत कुमार ने बताया कि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. यह पूरी तरह से ठगी का मामला है. उधर, लखीसराय में सड़क हादसा हो गया. इनोवा कार और बाइक की टक्कर में दो गंभीर घायल हो गए.
भागलपुरः जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कथोनी गांव के पास बगीचे में बच्चे का का शव मिलने से सनसनी फैल गई. सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने बगीचे में पड़े शिशु के शव को देखा, जिसके बाद इसकी सूचना गांव में तेजी से फैल गई. कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. उधर, भभुआ एकता चौक से सब्जी मंडी और मुंडेश्वरी सिनेमा हॉल तक सड़क पर किए गए अतिक्रमण को एसडीपीओ मनोरंजन भारती द्वारा हटाने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि सड़क किनारे सब्जी फल ठेला दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर दिया जाता है. जिससे आम जनों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इसके साथ ही शहर से जब स्कूली वाहन एवं अन्य वाहन गुजरती है तो सड़क पर अतिक्रमण होने के चलते जाम लग जाती है. इसको ध्यान में रखते हुए सभी को सड़क से अतिक्रमण मुक्त किया गया और सभी को निर्देश दिया गया कि आगे अतिक्रमण करने पर चालान करते हुए कानूनी कार्रवाई भी किया जाएगा.
Lakhisarai News: इनोवा और बाइक की टक्कर में 2 गंभीर घायल
लखीसरायः नगर थाना क्षेत्र के बायपास सड़क स्थित मकुना गांव के समीप इनोवा कार ने बाइक में टक्कर मार दिया, जिससे बाइक सवार पॉलिटेक्निक छात्र सहित दो गंभीर घायल हो गए. बताया जा रहा है कि बाइक सवार छात्र हैप्पी कुमार अपने दो साथियों के साथ शेखपुरा जा रहे थे. इसी दौरान इनोवा कार ने बाइक में टक्कर मार दी. घटना के बाद यातायात पुलिस घायल तीनों युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां हैप्पी कुमार की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. शेखपुरा जिला के रहने वाले बिट्टू और रोशन कुमार की स्थिति ठीक बताई जा रही है. पुलिस ने इनोवा कार को जब्त कर लिया.
Darbhanga News: महिला की इलाज के दौरान मौत, झोलाझाप डॉक्टर पर आरोप
दरभंगा जिले के एपीएम थाना क्षेत्र के सीरनिया वार्ड संख्या-13 में संदिग्ध इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान लक्ष्मण साह की पत्नी अनीता देवी (40) के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि पैर के अंगूठे में चोट लगने पर गांव के ही निजी प्रैक्टिशनर दवा दुकानदार शिवजी शाह के पास इलाज कराया गया, जहां तीन इंजेक्शन देने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी दुकान संचालक फरार बताया जा रहा है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है. परिजनों ने दोषी पर कड़ी कार्रवाई और सरकारी सहायता की मांग की है.
Muzaffarpur News: मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आई छात्रा गंभीर घायल
मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाना क्षेत्र में घर से स्कूल जा रही एक छात्रा मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आ गई. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया. घायल छात्रा की पहचान राजवाड़ा भगवान हाई स्कूल की कक्षा 7वीं की छात्रा अंजली के रूप में हुई है. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रा को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया. घायल छात्रा के पिता श्रवण सहनी ने बताया कि अवैध खनन के कारण क्षेत्र में ट्रैक्टरों की लगातार आवाजाही होती रहती है, जिससे स्कूली छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में मूकदर्शक बनी रहती है. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
Vaishali News: वैशाली में सूने पड़े मकान से लाखों की चोरी
वैशाली के भगवानपुर स्थित इमायेतपुर गांव के एक बंद घर में दूसरी बार चोरी की घटना को अंजाम दिया. पहली बार इसी साल फरवरी महीने में चोरों ने इस घर से आभूषण सहित लगभग 15 लाख के सामान की चोरी कर ली थी और फिर देर रात चोरों ने इसी घर में चोरी की. बताया जा रहा है कि इस घर के लोग सूरत में रहते है और घर बंद रहता है जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं और बार-बार चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं. इधर, घर के पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. यह बात सामने आई है कि चोर गांव का ही है जिसने छत के दरवाजा का ताला काट कर घर में प्रवेश किया और फिर चोरी कर उसी रास्ते निकल गया. फिलहाल पुलिस चोर को पकड़ने का दावा तो कर रही है, लेकिन पिछली बार की चोरी का अब तक कोई सुराग पुलिस को नहीं मिल सका. लिहाजा लगता है कि इस बार भी पुलिस के हाथ कुछ लगने वाला नहीं है.
Jharkhand News: झारखंड शराब घोटाले में विनय चौबे की अहम भूमिका, एसीबी अफसर का बयान
शराब घोटाला मामले में एसीबी की जांच का दायरा और सख्ती दोनों बढ़ती नजर आ रही है. सोमवार को अधिकारी अमित कुमार का बयान दर्ज किया गया. जिसमें उन्होंने बताया है कि शराब ठेका मामले में विनय चौबे की ही केंद्रीय भूमिका थी. जेएमएम ने एसीबी की कार्रवाई को नियमानुकूल बताया है. वहीं, बीजेपी ने इसकी जांच किसी केंद्रीय एजेंसी से करने की मांग की है. साथ ही कहा कि बड़े चेहरों को बचाने की कोशिश की जा रही है.
Kaimur News: कैमूर में 2 शराबियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
भभुआ वार्ड 14 से शराब के नशे की हालत में दो शराबियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया. भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार भभुआ वार्ड 14 निवासी नरेश राम और सूरज कुमार है. गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड 14 में शराब पीकर हंगामा कर रहे थे. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो भागने का प्रयास किया. जहां पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया. शराब के नशे की हालत में दोनों को गिरफ्तार किया गया. कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में दोनों को भेज दिया गया है.
Bhojpur News: भोजपुर हाईटेक मॉडल अस्पताल में लापरवाही, गायब हुई इमरजेंसी मशीन
भोजपुर जिले के हाईटेक मॉडल अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया. यहां से मरीजों की हालत जांचने के लिए अत्यंत जरूरी मल्टी पैरामीटर मॉनिटर के उपकरण कई दिनों से गायब हैं. इससे इमरजेंसी में आने वाले आम और गंभीर मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. मल्टी पैरामीटर मॉनिटर के माध्यम से मरीज का ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन लेवल और पल्स रेट जैसी अहम जानकारियां तुरंत मिलती हैं. जो इलाज के लिए बेहद आवश्यक होती है. उपकरण के अभाव में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को मरीज की सही स्थिति का आकलन करने में परेशानी हो रही है, जिसका सीधा असर इलाज की गुणवत्ता पर पड़ रहा है. कई लोगों की जान भी चली जाती है , इमरजेंसी वार्ड में माइनर ओटी में तीन, ट्रायज में 11 मल्टी पैरामीटर है. जो उपकरण गायब होने से काम नहीं कर रहा है, जबकि इमरजेंसी ट्रायज में तीन है.
Madhepura News: ट्रैक्टर–टोटो की भीषण टक्कर, 17 वर्षीय युवक की मौत
मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम काशीपुर बाजार से कुमारखंड के लक्ष्मीपुर चंडी स्थान जाने वाली मुख्य सड़क पर ट्रैक्टर और टोटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर में टोटो सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुमारखंड थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चंडी अस्थान से टोटो पर सवार होकर तीन युवक मुरलीगंज रेलवे स्टेशन जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रही ट्रैक्टर से टोटो की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
Nawada News: शराब तस्करों की 17 बाइक जब्त
नवादा में उत्पाद विभाग की टीम ने भारी मात्रा में शराब जब्त की है. गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने शराब का परिवहन करते हुए एक साथ कुल 17 बाइक को जब्त किया. मौके से 3000 लीटर महुआ शराब और 170 लीटर विदेशी शराब को जब्त की गई. उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली कि परना डाबर थाना क्षेत्र में कारोबारी भारी मात्रा में शराब का परिवहन बाइक से कर रहे हैं. इसी सूचना के आलोक में जब टीम ने जाल बिछाया तो कारोबारी एक के बाद एक कुल 17 बाइक से शराब का परिवहन कर रहे थे. टीम ने जब इनका पीछा किया तो सभी कारोबारी गया जी जिला के फतेहपुर थाना क्षेत्र में प्रवेश कर गए. इस दौरान कारोबारी शराब सहित बाइक को छोड़कर फरार हो गए. उत्पाद विभाग की टीम ने सभी बरामद शराब को फतेहपुर थाना को सुपुर्द कर दिया. इस दौरान सभी कारोबारी फरार होने में सफल रहे. उत्पाद की टीम यह पता लग रही है कि जंगल के किस इलाके में इतने बड़े पैमाने पर शराब का निर्माण चल रहा है.
Bhagalpur News: कोहरे की वजह से ट्रेन लेट
भागलपुरः बिहार में मौसम की मार देखने को मिल रही है. कड़ाके की सर्दी के बीच सुबह होने वाले कोहरे ने गाड़ियों की रफ्तार धीमी कर दी है. तो वहीं, ट्रेन के परिचालन पर भी असर पड़ रहा है. दिल्ली, गुजरात, मुंबई सहित दूसरे राज्यों से भागलपुर आने वाली लंबी दूरी की तकरीबन सभी ट्रेनें विलम्ब से पहुंच रही हैं. भटिंडा- बालू घाट फरक्का एक्सप्रेस 6 घंटे की देरी से भागलपुर पहुंच रही है तो वही दिल्ली से आने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस और गरीबरथ एक्सप्रेस तकरीबन 4 घंटे की देरी से भागलपुर पहुंचने की संभावना है. ट्रेन की लेट लताफी से यात्रियों की परेशानी साफ तौर पर बढ़ती हुई नजर आ रही है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.