Bihar Jharkhand News Today LIVE: बिहार के औरंगाबाद जिले में डीडीयू-गया रेलखंड पर स्थित फेसर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के समीप एक मालगाड़ी की तीन बोगियां पटरी से उतर गईं. यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन लूप लाइन पर जाने के लिए ट्रैक बदल रही थी. गनीमत यह रही कि इस हादसे से मुख्य लाइन पर ट्रेनों के परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा. सूचना मिलते ही तकनीकी कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बोगियों को वापस पटरी पर लाया गया. फिलहाल, क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मती का कार्य युद्धस्तर पर जारी है.
बेगूसराय में जेडीयू नेता को मारी गोली
बिहार के बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने बुधवार अहले सुबह एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. नगर थाना क्षेत्र के बाघा गुमती के पास अपराधियों ने छात्र जदयू नेता सोनू कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. घायल सोनू को तुरंत बेगूसराय सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज जारी है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए छापेमारी कर रही है. घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है.
रेल परिचालन पर कोहरे का असर
घने कोहरे के कारण दानापुर से गुजरने वाली एक दर्जन से अधिक ट्रेनें 8 घंटे तक लेट हैं. वेटिंग रूम फुल होने से यात्री कड़ाके की ठंड में प्लेटफॉर्म पर ही रात गुजारने को मजबूर हैं. ट्रेनों की देरी से यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेनें छूट रही हैं और रेलवे की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं.
जयनगर पूजा स्पेशल – 7 घंटे 22 मिनट लेट
कुंभ एक्सप्रेस – 6 घंटे 16 मिनट लेट
गरीब रथ एक्सप्रेस – 3 घंटे 30 मिनट लेट
विभूति एक्सप्रेस – 1 से 3.5 घंटे लेट
इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस – 3 घंटे लेट
पटना एक्सप्रेस – 3 घंटे लेट
फरक्का एक्सप्रेस – 2 घंटे 33 मिनट लेट
अमृत भारत एक्सप्रेस – 2 घंटे 32 मिनट लेट
दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस – 1 घंटे से 2 घंटे 35 मिनट लेट
कोटा-पटना एक्सप्रेस – 1 घंटा 15 मिनट से 2 घंटे 20 मिनट लेट
अर्चना एक्सप्रेस – 2 घंटे लेट
हिमगिरी एक्सप्रेस – 2 घंटे लेट
अमृतसर-हावड़ा मेल – 1 घंटा लेट
शाहनवाज हुसैन ने की रॉबर्ट वाड्रा के बयान पर लालू परिवार और कांग्रेस की तुलना
पटना: भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा के बयान पर कहा, ‘जिस तरह लालू यादव के परिवार में तेजप्रताव यादव और तेजस्वी यादव के बीच द्वंद्व है, अब कांग्रेस में भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बीच द्वंद्व शुरू हो गया है. जिस प्रकार तेजस्वी यादव (बिहार के)मुख्यमंत्री के उम्मीदवार बन गए थे, वैसे कोई भी बन सकता है. लेकिन आने वाले 50 साल तक भाजपा ही सत्ता में रहने वाली है लेकिन सपने देखने का उन्हें(रॉबर्ट वाड्रा) अधिकार है.’
#WATCH | पटना: भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा के बयान पर कहा, “जिस तरह लालू यादव के परिवार में तेजप्रताव यादव और तेजस्वी यादव के बीच द्वंद्व है, अब कांग्रेस में भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बीच द्वंद्व शुरू हो गया है। जिस प्रकार तेजस्वी यादव… pic.twitter.com/3O1iUCXovO
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 24, 2025
ऋतुराज सिन्हा ने पहली बार किसी बिहारी के बीजेपी अध्यक्ष बनने पर कही ये बात
पटना: भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के पटना दौरे पर कहा, ‘यह हर बिहारवासी के लिए अत्यंत गौरव का पर्व है. जनसंघ काल से आज तक 15 अध्यक्ष जनसंघ और भाजपा के हुए हैं. पहली बार एक बिहारी, हमारे बीच का बिहार का लाल नितिन नबीन अध्यक्ष बने हैं, जो हम सभी के लिए गर्व की बात है. बिहार देश का युवा प्रदेश है और वहां से प्रधानमंत्री मोदी ने एक हीरा चुनकर निकाला है. हम सभी बिहार वासियों और भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए यह एक अद्भुत पल है.’
#WATCH | पटना: भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना दौरे पर कहा, “यह हर बिहारवासी के लिए अत्यंत गौरव का पर्व है। जनसंघ काल से आज तक 15 अध्यक्ष जनसंघ और भाजपा के हुए हैं। पहली बार एक बिहारी, हमारे बीच का बिहार का लाल नितिन नवीन… pic.twitter.com/McSPeRtl8P
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 24, 2025
बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल का राहुल गांधी पर तंज, कहा – पूरे देश से कांग्रेस विलुप्त हो रही है
बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने राहुल गांधी के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि राहुल गांधी की राजनीतिक मैन्युफैक्चरिंग अब संभव नहीं हो पा रही है. उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा कि जब से सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कमान संभाली है, तब से पूरे देश से कांग्रेस का अस्तित्व धीरे-धीरे खत्म होता जा रहा है. जायसवाल ने दावा किया कि आज कांग्रेस विलुप्त होने की कगार पर है और पूरे देश में चारों ओर भगवा ही नजर आ रहा है.
चाईबासा में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रैक्टर से टकराई अनियंत्रित बाइक, तीन युवकों की मौत, एक गंभीर
झारखंड के चाईबासा अंतर्गत मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है. घटना उस वक्त हुई जब एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जोरदार तरीके से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीन युवकों ने दम तोड़ दिया. चश्मदीदों के मुताबिक, पुलिस को घटनास्थल की ओर आते देख ट्रैक्टर चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.
मधुबनी बस स्टैंड पर भीषण अग्निकांड: 12 से अधिक दुकानें और बस-ऑटो जलकर खाक, 50 लाख का नुकसान
मधुबनी के नगर थाना क्षेत्र स्थित मुख्य बस स्टैंड पर देर रात भीषण आग लगने से भारी तबाही हुई है. इस अगलगी में 12 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं, जबकि स्टैंड में खड़ी एक बस और एक ऑटो भी पूरी तरह जल गए। हादसे में एक बस चालक गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसका इलाज जारी है. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास के घरों में सो रहे लोग बच्चों को लेकर जान बचाकर बाहर भागे. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस अग्निकांड में 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
मुंगेर: मामूली विवाद में किराना दुकानदार ने ई-रिक्शा चालक को मारी गोली, पैर में फंसी गोली; हालत गंभीर
मुंगेर के पूरबसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरबसराय रेलवे ब्रिज के पास एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ एक किराना दुकानदार ने ई-रिक्शा चालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. गोली चालक के पैर में जा फंसी है, जिसके बाद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँच गई है और मामले की छानबीन में जुट गई है. फिलहाल, घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है और पुलिस आरोपी दुकानदार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
बिहार की राजनीति में हलचल: बीजेपी का बड़ा दावा, ‘आरजेडी के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं’
बीजेपी नेता नीरज कुमार बबलू ने बिहार की राजनीति में एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि आरजेडी के कई वरिष्ठ नेता और अधिकांश विधायक वर्तमान में बीजेपी के संपर्क में हैं. उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए आरजेडी को ‘नर्क’ करार दिया और कहा कि अब कोई भी वहां नहीं रहना चाहता है. नीरज कुमार बबलू के अनुसार, आरजेडी के विधायक अपने क्षेत्रों में विकास कार्य करना चाहते हैं और इसके लिए वे प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली से प्रभावित होकर उनके साथ आना चाहते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि हर नेता अब काम करने वाली विचारधारा के साथ जुड़ना चाहता है.
छपरा में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो का टायर फटने के बाद ट्रक से हुई जोरदार भिड़ंत, 2 की मौत और 5 घायल
बिहार के छपरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. यह घटना गरखा थाना क्षेत्र के आलोनी के समीप घटी, जहाँ एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराया. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
दो आरपीएफ जवानों की हत्या का मामला: कुख्यात शराब माफिया शम्मी के घर यूपी पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार
यूपी की गाजीपुर पुलिस ने पटना के फुलवारी शरीफ में कुख्यात शराब माफिया और 25 हजार के इनामी अपराधी शम्मी उर्फ गांधी के घर पर इश्तेहार चिपकाकर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी है. गहमर थाना प्रभारी दीनदयाल पांडेय ने स्पष्ट किया कि यदि आरोपी न्यायालय में सरेंडर नहीं करता है, तो उसके घर की कुर्की-जब्ती की जाएगी और जरूरत पड़ने पर बुलडोजर भी चलेगा. यह कार्रवाई 20 अगस्त 2024 को मुगलसराय में दो आरपीएफ जवानों की ट्रेन से फेंककर की गई हत्या के मामले में की जा रही है. इस कांड के 13 आरोपियों में से एक जाहिद मुठभेड़ में मारा जा चुका है, जबकि फरार शम्मी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.
भागलपुर: कुतुबगंज में युवक को अपराधियों ने मारी गोली, गंभीर हालत में PMCH रेफर
भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुतुबगंज मोहल्ले में देर रात बेखौफ अपराधियों ने सोनू मोदी नामक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. वारदात के बाद घायल को तुरंत जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि सोनू मोदी पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका है। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
रांची में 28 दिसंबर से हॉकी इंडिया लीग का भव्य आगाज़, सीएम हेमंत सोरेन करेंगे उद्घाटन
रांची के मोरहाबादी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में 28 दिसंबर से हॉकी इंडिया लीग (HIL) 2025-26 का शानदार आयोजन होने जा रहा है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे. इस बार का आयोजन झारखंड के लिए विशेष रूप से गौरवशाली है क्योंकि पहली बार राज्य की बेटियां अपनी मिट्टी और अपने राज्य के नाम से इस प्रतिष्ठित लीग में खेलती नजर आएंगी. खेल मंत्री सुदिव्य सोनू ने इसे राज्य के खेल इतिहास का एक ऐतिहासिक पल बताया है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी.
बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पटना पहुंचे नितिन नबीन, मंदिरों में टेकेंगे मत्था
पटनाः भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद नितिन नबीन अपने दो दिवसीय दौरे पर पहली बार पटना पहुंचे हैं. अपने इस प्रवास के दौरान वे आध्यात्मिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे, जिसकी शुरुआत वे बांस घाट स्थित काली मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ करेंगे। इसके पश्चात, वे गोलघर के समीप स्थित प्रसिद्ध अखंड वासिनी मंदिर पहुंचेंगे, जहाँ वे माता के दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे और अपनी नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए प्रार्थना करेंगे.
//platform.twitter.com/widgets.js
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.