Bihar-Jharkhand News LIVE: रामकृपाल यादव ने तेजस्वी यादव पर हमला बोला, आरजेडी के 25 विधायक भाजपा से संपर्क में बताए. राबड़ी आवास खाली करने की प्रक्रिया शुरू, ट्रेन टिकट महंगे हुए. पढ़िए बिहार-झारखंड की बड़ी खब…और पढ़ें
बिहार की सियासत में बुधवार को कई अहम घटनाक्रम सामने आए. बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव की पार्टी अब खत्म होने की कगार पर है. रामकृपाल यादव ने कहा कि हार बर्दाश्त न कर पाने के कारण तेजस्वी यादव विदेश दौरे पर चले गए हैं और जनता के बीच जाने से कतरा रहे हैं. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरजेडी के सभी 25 विधायक भाजपा के संपर्क में हैं और कभी भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं. इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है.
इधर, पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास को खाली करने की प्रक्रिया शुरू होने की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि रात के अंधेरे में सामान शिफ्ट किया जा रहा है. छोटी गाड़ियों से पौधे, गार्डन का सामान, गमले और फूल हटाए जाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं. हालांकि आरजेडी की ओर से अब तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है. गौरतलब है कि भवन निर्माण विभाग ने 25 नवंबर को आवास खाली करने का निर्देश दिया था और आज 25 दिसंबर को इसे एक महीना पूरा हो गया है. फिलहाल लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव दोनों पटना से बाहर बताए जा रहे हैं.
वहीं आम जनता से जुड़ी एक बड़ी खबर यह भी है कि आज से ट्रेन टिकट महंगे हो गए हैं. साधारण और मेल-एक्सप्रेस श्रेणी के किराए में बढ़ोतरी लागू कर दी गई है.
December 26, 202512:52 IST
Ranchi News: पर्ल रिजेंसी में 11 फ्लोर के फ्लैट में लगी आग, पूरी गृहस्ती जलकर राख
रांची के अरगोड़ा कटहल मोड़ मार्ग पर स्थित पर्ल रिजेंसी अपार्टमेंट के ब्लॉक A में आज सुबह करीब 8 बजे आग लग गई. 14 तल्ले इस अपार्टमेंट में लगी आग का धुआं देखते ही देखते ऊपर के तीन फ्लैट में फैल गया. पांच दमकल गाड़ियों की मदद से करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. आग मुख्य रूप से 11 वें तल्ले पर स्थित फ्लैट नंबर 1102 में लगी थी. आग पर काबू पाने के बाद न्यूज 18 की टीम सबसे पहले फ्लैट नंबर 1102 के अंदर पहुंची. वहां सबकुछ जैसे खाक में तब्दील हो चुका था. घर के अंदर मौजूद फ्लैट मालिक अभिनव पाठक और उनकी पत्नी ने बताया कि जैसे सबकुछ पलक झपकते ही हो गया. उन्होंने बताया कि शॉट सर्किट से लगी इस आग ने घर के अंदर रखे उनके पूरे सामान को खाक में तब्दील कर दिया, जिसमें घर का पूरा सामान, उनके करीब 8 लाख के गहने और 80 हजार रुपये नगद भी जलकर खाक हो गये. फ्लैट के मालिक ने बताया कि घर में फैले मलबों से जले गहनों को चुनना पड़ रहा है. आग लगने के बाद घर की दीवारें और छतों से सरिया नजर आने लगा था.
Patna News: पटना जू की एंट्री फीस में इजाफा, अब 50 नहीं 150 लगेंगे
पटना जू में नए साल को लेकर टिकट की कीमत आम दिनों मुकाबले ज्यादा होगी. पटना जू में वयस्क को 50 रुपए की जगह 150 रुपए और 5 से 12 वर्ष तक के बच्चे को 20 रुपए की जगह 60 रुपए शुल्क लगेगा. यह बढ़े हुए दाम सिर्फ 1 जनवरी को ही लागू होंगे. पटना जू में नए साल पर सबसे अधिक भीड़ होती है, इसे लेकर एक्स्ट्रा काउंटर भी बनाए गए हैं.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जमशेदपुर दौरा, सुरक्षा व्यवस्था पर होगी विशेष तैयारी
29 दिसंबर को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जमशेदपुर दौरा तय है. राष्ट्रपति दो दिन के दौरे के दौरान करंडी और सरायकेला के आदित्यपुर में आयोजित दो कार्यक्रमों में शामिल होंगी. उनके दौरे को लेकर सुरक्षा और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कोल्हान डीआईजी के नेतृत्व में आज समीक्षा बैठक होगी. बैठक में जमशेदपुर और सरायकेला के जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहेंगे. सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी बनाने के लिए कार्यक्रम स्थल के आसपास और मार्गों पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे. प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है.
रांची के पर्ल ऑर्किड अपार्टमेंट में भीषण आग, फायर ब्रिगेड मौके पर
रांची के अरगोड़ा–कटहल मोड़ रोड स्थित पर्ल ऑर्किड अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग अपार्टमेंट के 11वें तल्ले पर स्थित फ्लैट नंबर 1102 में लगी, जो मेजर सार्जेंट अभिनव पाठक का बताया जा रहा है. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है. शुरुआती जानकारी के अनुसार आग केवल एक ही फ्लैट में लगी है, लेकिन उसका धुआं ऊपर के तीन फ्लैटों तक फैल गया है. फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
कई ट्रेनें लेट, दो एक्सप्रेस रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
रेल यात्रियों को कोहरे की वजह से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कई प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं, जबकि दो एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. जानकारी के मुताबिक 12310 तेजस एक्सप्रेस करीब 4 घंटे की देरी से चल रही है. 12394 सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस 10 घंटे लेट है. 12304 पूर्वा एक्सप्रेस 2 घंटे 45 मिनट, 22362 अमृत भारत एक्सप्रेस 10 घंटे, 20802 मगध एक्सप्रेस 4 घंटे और 12368 विक्रमशीला एक्सप्रेस भी 4 घंटे की देरी से चल रही है. वहीं 15484 महानंदा एक्सप्रेस और 12506 नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस को आज रद्द कर दिया गया है. यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है.
BJP नेता रूपक सहनी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, एक और आरोपी गिरफ्तार
भाजपा नेता रूपक सहनी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. इस केस में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सोनू कुमार, मोनू कुमार और हरि ठाकुर शामिल हैं. पुलिस ने आरोपी सोनू कुमार की निशानदेही पर एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है. बता दें कि बुधवार की शाम रूपक सहनी की खानपुर थाना क्षेत्र के शादीपुर घाट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.