Bihar crime news: पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में अमन शुक्ला की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने रंजिश या गैंगवार की आशंका जताई है. सिटी एसपी परिचय कुमार जांच में जुटे हैं.
मिली जानकारी के अनुसार अमन शुक्ला पटना में अपने परिवार के साथ रह रहा था. सोमवार को वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बाइक पर सवार होकर बच्चे को डॉक्टर के पास दिखाने जा रहा था. इसी दौरान पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उसे घेर लिया और उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. चश्मदीदों के मुताबिक हमला इतना अचानक और भीषण था कि अमन को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
अपराधिक रहा है इतिहास
पुलिस के मुताबिक, मृतक अमन शुक्ला कोई साधारण व्यक्ति नहीं था, बल्कि उसका नाम कई गंभीर कांडों में दर्ज था. वह वर्ष 2020 में पटना के ही बेऊर थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी बैंक लूट की घटना का मुख्य अभियुक्त था. इसके अलावा उसके खिलाफ कई अन्य थानों में भी मामले दर्ज बताए जा रहे हैं. आशंका जताई जा रही है कि यह हत्या पुरानी रंजिश या गैंगवार का परिणाम हो सकती है.
पुलिस की कार्रवाई और सिटी एसपी का बयान
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मीडिया से बात करते हुए सिटी एसपी परिचय कुमार ने कहा कि पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना हुई है. जिसमें एक युवक की मौत हो गई है. मृतक की पहचान अमन शुक्ला के रूप में हुई है, जिस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. प्रथम दृष्टया यह रंजिश का मामला लग रहा है. पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.