कोडरमा जिले सहित पूरे झारखंड में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह से ही छाए कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है। इसका सीधा असर सड़क और रेल यातायात पर पड़ा है। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे तो वहीं रेल पर
धनबाद रेलमंडल से होकर गुजरने वाली एक दर्जन से अधिक ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं, जबकि कुछ ट्रेनों को एहतियातन रद्द भी कर दिया गया है। कोहरे की वजह से रेल प्रशासन को ट्रेनों की गति नियंत्रित करनी पड़ रही है, जिससे यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
कोडरमा स्टेशन पर बढ़ी भीड़, यात्री परेशान
ट्रेनों के विलंब का सबसे ज्यादा असर कोडरमा रेलवे स्टेशन पर देखने को मिल रहा है। यहां न सिर्फ स्थानीय यात्री बल्कि बिहार के रजौली, नवादा और झारखंड के हजारीबाग, गिरिडीह, चतरा जैसे आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग ट्रेन पकड़ने या अपनों को लेने पहुंचते हैं।
अधिकतर यात्री निर्धारित समय से काफी पहले स्टेशन आ जाते हैं, लेकिन कोहरे के कारण ट्रेनें घंटों लेट होने से उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। स्टेशन परिसर में ठंड के बीच बैठे यात्री ट्रेन की सूचना के लिए लगातार पूछताछ काउंटर का रुख कर रहे हैं।
लेट चल रही ट्रेनों ने बढ़ाई चिंता
स्टेशन पर अपनों का इंतजार कर रहे सुबोध सिंह ने बताया कि उनके रिश्तेदार 12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस से कोडरमा आने वाले थे। ट्रेन का निर्धारित समय सुबह 9.15 बजे था, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि ट्रेन करीब पांच घंटे की देरी से चल रही है।
इसी तरह कोडरमा से सियालदह जा रहीं क्रिस्टी पॉल ने बताया कि उन्हें आज शाम तक सियालदह पहुंचना था, लेकिन उनकी ट्रेन भी पांच घंटे लेट है। उन्हें आशंका है कि आगे चलकर देरी और बढ़ी तो सियालदह से घर पहुंचना मुश्किल हो जाएगा।
वीवीआईपी ट्रेनें भी 5-5 घंटे लेट
कोडरमा स्टेशन के पूछताछ कर्मी कुलदीप कुमार ने बताया कि सुबह से ही यात्रियों को ट्रेन की स्थिति की जानकारी देने में वे लगातार व्यस्त हैं। घने कोहरे के कारण राजधानी और दुरंतो जैसी वीवीआईपी ट्रेनें भी 6 से 9 घंटे तक विलंब से चल रही हैं।
12260 अजमेर-सियालदह दुरंतो एक्सप्रेस करीब 8 घंटे, 12312 कालका-हावड़ा कालका मेल 6 घंटे 30 मिनट, 22812 नई दिल्ली-भुवनेश्वर तेजस राजधानी 9 घंटे देरी से चल रही है। इसके अलावा भी कई ट्रेनें घंटों लेट हैं और कोहरे को देखते हुए देरी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.