मुजफ्फरपुर जिले के पारू पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक मैगजीन, दो कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। यह गिरफ्तारी बीती रात की गई। सरैया की सीडीपीओ गरिमा सिंह ने आज अपने कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी को एक युवक का अवैध हथियार लहराते हुए वीडियो और फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने की सूचना मिली थी। साइबर सेल और पारू पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की। आरोपी की पहचान मझौलिया गांव निवासी सुरेंद्र भगत के पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजू कुमार को बीती रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद राजू कुमार से पूछताछ की गई। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। आरोपी को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस प्रेस वार्ता के दौरान पारू थानेदार आशुतोष शुक्ला भी मौजूद थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.