पानीपत सीआईए टू पुलिस ने भांजे ओसीन (18) की हत्या के आरोप में उसके मामा अफसर अंसारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मामूली कहासुनी के बाद ओसीन की गर्दन पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी क
मां ने दर्ज कराई थी हत्या की शिकायत
थाना मॉडल टाउन की आठ मरला चौकी में गुलनाज खातून ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा ओसीन अंसारी (18) करीब तीन साल से अपने मामा अफसर अंसारी के साथ राज नगर, पानीपत में किराए के कमरे में रहता था और मजदूरी करता था। गुलनाज के अनुसार, 18 अक्टूबर की देर रात करीब 11:30 बजे ओसीन की मामा अफसर से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश के चलते अफसर ने कमरे की छत पर तेजधार हथियार से ओसीन की हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर मॉडल टाउन थाने में अफसर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
गुप्त सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि आरोपी अफसर पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। सीआईए टू की टीम उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। वीरवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अफसर को बतरा कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया।
कबूली हत्या की वारदात
पूछताछ में आरोपी अफसर ने अपने भांजे ओसीन अंसारी की चाकू मारकर हत्या करने की बात कबूल की। उसने बताया कि 18 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे वह और ओसीन राज नगर स्थित किराए के कमरे की छत पर बैठे थे। अफसर बीयर पी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। ओसीन ने अफसर को थप्पड़ मारे, जिससे गुस्से में आकर अफसर ने चाकू से ओसीन की गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
मध्य प्रदेश में काटी फरारी, पानीपत लौटते ही पकड़ा गया
इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी अफसर पुलिस की पकड़ से बचने के लिए पानीपत से फरार हो गया था। उसने मध्य प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर छिपकर फरारी काटी। एक दिन पहले वह दोस्तों से मिलने के लिए पानीपत लौटा, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.