शादी समारोह में गया था पूरा परिवार
एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस ने बताया कि सेक्टर 13/17 निवासी विशाल चहल पुत्र धर्मवीर सिंह ने थाना सेक्टर 13/17 में पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह प्रोपर्टी कंसल्टेंट का काम करता है. 17 दिसंबर को वह घर पर ताला लगाकर परिवार सहित पुणे में रिश्तेदार के यहा एक शादी समारोह में गए थे. बीते 20 दिसंबर की देर रात करीब 2:50 बजे वापस लौटे तो घर के सभी दरवाजों के लॉक टूटे मिले और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था. चेक करने पर 4.25लाख रूपए कैश, सोने की 6 इयररिंग, 2 गले के सेट, 1 चेन, 2 कड़े, अंगूठी, झूमके, गोल्ड कॉइन, सूरज-चांद, बच्चे का कड़ा व चांदी के बर्तन, पायल, सिक्के, 6 जोड़ी कड़े और एक जेंटस घड़ी व आर्टिफिशियल ज्वेलरी नहीं मिली.
चोरों को पकड़ने के लिए गठित हुई थी टीम
अज्ञात चोर कैश, ज्वैलरी चोरी करने के साथ सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए. थाना सेक्टर 13/17 में विशाल की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी. एएसपी हर्षित गोयल ने बताया पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान व धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित व उनकी टीम को सौंपी थी. पुलिस टीम विभिन्न सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अपने सभी सोर्स एक्टिव कर आरोपियों की धरपकड़ में जुटी थी. टीम को वीरवार दोपहर गुप्त सूचना मिली की चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी एक स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर यूपी से हरिद्वार बाइपास होते हुए पानीपत आ रहे थे.
नाकेबंदी में पकड़े गए दोनों चोर
सूचना पर टीम ने हरिद्वार बाइपास पर डाडौला चौक के पास नाकाबंदी शुरू कर दी. कुछ देर पश्चात यूपी की तरफ से दो युवक एक स्पलेंडर बाइक आए. पुलिस की नाकाबंदी देख युवकों ने बाइक वापस मोड़कर भगाने का प्रयास किया. टीम ने तत्परता से कार्रवाइ करते हुए मौके पर ही दोनों युवकों को काबू कर लिया. पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान कुलदीप उर्फ गुडडू पुत्र ओमबीर व मोहम्मद जुबेर पुत्र लियाकल निवासी शामली यूपी के रूप में बताई. गहनता से पूछताछ करने पर आरोपियों ने उक्त चोरी करना स्वीकारा. मौके पर आरोपियों के पीठू बैग से सोने के कड़े, गले के हार, इयररिंग, चांदी की साई बाबा की मूर्ति, अंगूठी व काफी संख्या में आर्टिफिशियल ज्वैलरी बरामद हुई है.
दिन में रेकी कर रात को चोरी की
आरोपियों पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ दोनों आरोपी 20 दिसंबर को दिन में यूपी से बाइक पर पानीपत आए थे. यहां सेक्टर 13/17 में मकानों की रेकी की. आरोपियों को उक्त मकान की बाहर की लाईट ऑन दिखाई दी और न्यूज पेपर गेट पर पड़ा हुआ था. इससे आरोपियों को आईडिया आया की घर पर कोई नहीं है. दोनों आरोपी देर रात चोरी करने के लिए आए तब भी न्यूज पेपर गेट पर पड़ा मिला. इससे आरोपियों को यकिन हो गया घर में कोई नहीं है. इसके बाद दोनों आरोपी मकान की दिवार फांदकर अंदर घूसे और दरवाजे का लॉक तोड़कर गहने व नगदी चोरी कर ले गए थे.
गहने बेचने की फिराक में यूपी से पानीपत आ रहे थे
आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया उन दोनों ने चोरी की नगदी व गहने दो बराबर हिस्सों में बांट लिए थे. वीरवार को दोनों आरोपी चोरी के आधे से ज्यादा गहनों को लेकर यूपी से बाइक पर पानीपत में बेचने की फिराक में आ रहे थे. एएसपी हर्षित गोयल ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने के कड़े, गले के हार, इयररिंग, चांदी की साई बाबा की मूर्ति, अंगूठी व काफी संख्या में आर्टिफिशियल ज्वैलरी व वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर पुलिस ने वीरवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायलय में पेश किया, जहां से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया. रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही चोरी की नगदी व बचे गहने बरामद करने का प्रयास करेगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.