हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने संवदेनशीलता दिखाते हुए 12वीं कक्षा की एक छात्रा की समय पर मदद कर उसे बोर्ड परीक्षा देने में सहयोग किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण छात्रा को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिली और वह परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकी। पंचकूला पुलिस की ERV टीम करीब 10 बजे कालका बस स्टैंड क्षेत्र में गश्त कर रही थी। टीम को एक 12वीं कक्षा की छात्रा दर्द से कराहती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने तुरंत छात्रा से बात कर उसकी समस्या के बारे में पूछा, जिस पर उसने बताया कि उसे पेट में तेज दर्द हो रहा है और आज ही दोपहर करीब 12:30 बजे उसकी बोर्ड परीक्षा भी है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए ERV टीम ने बिना समय गंवाए छात्रा को तुरंत कालका सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार कर दवा दी, जिससे छात्रा को काफी राहत मिली। इस दौरान पुलिस टीम ने छात्रा के परिजनों को भी सूचना दे दी, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए। उपचार के बाद परिजन छात्रा को समय पर परीक्षा केंद्र तक लेकर पहुंचे, जिससे वह अपनी महत्वपूर्ण बोर्ड परीक्षा दे सकी। टीम ने किया बेहतर कार्य : DCP डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि पंचकूला पुलिस की ईआरवी टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर आमजन की सहायता के लिए तत्पर रहती हैं। बोर्ड जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा के दौरान छात्रा की समय पर मदद करना पुलिस की जिम्मेदारी और बेहतर पुलिसिंग का उदाहरण है। उन्होंने इस सराहनीय कार्य के लिए टीम में शामिल एएसआई केशपाल, एसपीओ रमन कुमार तथा चालक देवेन्द्र सिंह की प्रशंसा करते हुए उनके कार्य की सराहना की।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.