पंचकूला में टाॅवर से उतरते हुए बुजुर्ग।
हरियाणा के पंचकूला में बुजुर्ग बुधवार की शाम को टॉवर पर चढ़ गया। बुजुर्ग टॉवर को अपने एरिया से हटवाना चाहता है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची व टॉवर पर चढ़े बुजुर्ग को समझाकर उतारा गया।
पंचकूला के पिंजौर की भोगपुर कॉलोनी में बुधवार की शाम करीब 5 बजे बुजुर्ग टाॅवर पर चढ़ गया। बुजुर्ग के टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस की ईआरवी टीम मौके पर पहुंची। आसपास में पूछताछ की गई तो बुजुर्ग की पहचान प्रीतपाल के तौर पर हुई।
बुजुर्ग के साथ पुलिस की ERV 525 टीम ने संवाद शुरू किया तो बुजुर्ग ने कहा कि पहले यहां से टॉवर को हटवाओ, तभी टॉवर से उतरेगा। टीम ने समझाया कि टाॅवर के लिए वे डीसी से बात करवाते हैं। जिसके बाद बुजर्ग ने कहा कि उसे अधिकारियों पर भरोसा नहीं है। जिसके बाद टीम ने उसे मौके से ही टाॅवर वाली कंपनी के अधिकारियों से फाेन पर बात करने की बात कही।
12 दिसंबर को आएगी कंपनी की टीम
जिसके बाद बुजुर्ग प्रीतपाल टॉवर से उतरे। उनके टॉवर से उतरने के बाद टीम ने टाॅवर कंपनी के अधिकारियों से बात की और बुजुर्ग की समस्या का समाधान के लिए बुलाया। जिस पर कंपनी की ओर से 12 दिसंबर को बुजुर्ग के घर पहुंचने का आश्वासन दिया गया है।
3 प्वाइंट में समझिए बुजुर्ग व टॉवर की कहानी
एयरटेल कंपनी का है नेटवर्क : पिंजौर के जिस टॉवर को लेकर बुजुर्ग टॉवर पर चढ़ा है, उसे इंडस कंपनी ने यहां पर लगाया है। टॉवर पर एयरटेल कंपनी का नेटवर्क लगा है। बुजुर्ग का कहना कि मोबाइल टॉवर से कैंसर की किरणें निकलती हैं, इसलिए उनके एरिया से इसे बाहर किया जाए।
सीमेंट कंपनी से रिटायर हैं बुजुर्ग: पिंजौर की भोगपुर कॉलोनी निवासी प्रीतपाल हिमाचल प्रदेश में ACC सीमेंट कंपनी में जॉब करते थे। छह साल पहले वे कंपनी से रिटायर हुए हैं। उनका एक बेटा है, जो ऑटोमाबाइल कंपनी में सर्विस मैनेजर है।
5 माह पहले भी टाॅवर चर चढ़े : बुजुर्ग प्रीतपाल टॉवर हटाने की मांग को लेकर 5 माह पहले भी टाॅवर पर चढ़ गए थे। जिस पर भी उन्हें समझाकर टाॅवर से उतारा गया था। जब भी कोई टेक्नीशियन टाॅवर को चेक करने के लिए आते हैं तो बुजुर्ग टॉवर पर चढ़ जाते हैं।
रिश्तेदार के प्लाट में है टाॅवर: बुजुर्ग प्रीतपाल जिस टॉवर का विरोध कर रहे हैं, वो उनके ही रिश्तेदार के प्लाट में लगा हुआ है। प्रीतपाल की पुत्रवधू के अनुसार वो जिन लोगों के साथ बैठते हैं, उनसे चर्चा में बुजुर्ग के दिमाग में बैठ गया है कि टॉवर से कैंसर होता है। उसके बाद से उन्होंने टाॅवर का विरोध शुरू कर दिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.