पलवल जिले में औरंगाबाद-कौंडल मार्ग पर नहर के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक के पास खड़े 18 वर्षीय युवक योगेश की मौत हो गई। यह हादसा 22 फरवरी को हुआ था, जबकि 1 मार्च को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान योगेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बहीन थाना प्रभारी सुरेश कुमार के अनुसार, कौंडल गांव निवासी सुभाष ने अपनी शिकायत में बताया कि 22 फरवरी को वह अपने बेटे योगेश (18) के साथ बाइक पर पलवल शहर किसी निजी कार्य से गए थे। औरंगाबाद-कौंडल मार्ग पर नहर के पास पहुंचने पर उन्होंने बाइक रोक दी और शौच के लिए खेत में चले गए। इस दौरान योगेश बाइक के पास खड़ा था। उसी समय कौंडल की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे वाहन ने बाइक और उसके पास खड़े योगेश को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इलाज के दौरान तोड़ा दम सुभाष ने गंभीर रूप से घायल बेटे को पहले पलवल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जब वहां भी सुधार नहीं हुआ, तो डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। वहां 1 मार्च को उपचार के दौरान योगेश की मौत हो गई। पुलिस जांच जारी पुलिस ने सुभाष की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.