पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के चेड़ाबार गांव में शराब के लिए पैसे न देने पर एक युवक की हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक और आरोपियों के बीच मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने युवक को कोयल नदी किनारे ले जाकर मार डाला। मृतक की पहचान नावाबाजार थाना क्षेत्र के करचा गांव निवासी युगेश सिंह के रूप में हुई है। वह 27 फरवरी को अपनी पत्नी को डिग्री की परीक्षा दिलाने चेड़ाबार स्थित ससुराल आया था। शाम को वह अपने साले के साथ शराब पीने निकला था। साला घर लौट गया, लेकिन युगेश नशे में गांव में ही रुक गया। लोहे के फाइटर से युगेश के सिर पर कई वार किए रात में गांव के शिवपूजन सिंह उर्फ शिवकुमार सिंह (28) और जयप्रकाश सिंह उर्फ हुड़िया (23) ने युगेश से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे को लेकर विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपी युगेश को जबरन कोयल नदी की ओर ले गए। वहां उन्होंने लोहे के फाइटर से युगेश के सिर पर कई वार किए और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को नदी किनारे झाड़ियों में छिपा दिया गया। 28 फरवरी की दोपहर कोयल नदी से शव बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इस संबध में मृतक की पत्नी ने शिवपूजन सिंह सहित पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पूछताछ में शिवपूजन ने हत्या की बात कबूल की और पूरी घटना बताई। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी जयप्रकाश को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का बैग और अन्य सामान भी बरामद किया गया। एसपी रीष्मा रमेशन ने गुरुवार को इस पूरे मामले का खुलासा किया। मामले में नामजद चार अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच की गई, लेकिन उनका घटना से संबंध नहीं पाया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.