पलामू जिले के लेसलीगंज थाना क्षेत्र के नौगढ़ गांव में मंगलवार रात एक शादी समारोह के दौरान गोली चलने से हड़कंप मच गया। गढ़वा जिले के लगमा से आई बारात में शामिल एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे पूरे विवाह समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना रात करीब 10 बजे उस समय हुई, जब द्वारपूजा की रस्म पूरी होने के बाद जयमाला की तैयारी चल रही थी। अचानक बारात में शामिल एक व्यक्ति ने अवैध हथियार निकालकर हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इससे मौके पर मौजूद लोग घबरा गए। समारोह स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मोबाइल से वीडियो बनाने पर बढ़ा विवाद जानकारी के अनुसार, फायरिंग के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद भड़क गया। वीडियो डिलीट करने को लेकर बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। यह देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई, जिससे समारोह स्थल पर तनाव का माहौल बन गया। इस दौरान कई लोग इधर-उधर भागने लगे और शादी का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया। गाड़ी में छिपा, बाहर खींचकर मारी गोली घायल युवक कमल चौधरी ने बताया कि वह गढ़वा जिले के पोटमा गांव का रहने वाला है और बारात के साथ शादी में शामिल होने आया था। विवाद बढ़ने के बाद वह अपनी जान बचाने के लिए एक गाड़ी में छिप गया था। आरोप है कि हमलावर ने उसे गाड़ी से बाहर खींच लिया और उस पर गोली चला दी। गोली उसके पैर को छेदते हुए निकल गई। इस मारपीट में दो अन्य युवक भी घायल हो गए। गोली चलाने का आरोप पेशे से पारा शिक्षक राकेश चौधरी पर लगाया गया है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया घटना की सूचना मिलते ही लेसलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को देर रात मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद मारपीट में घायल दो युवकों को छुट्टी दे दी गई है, जबकि गोली लगने वाले कमल चौधरी का इलाज जारी है। बताया जाता है कि यह शादी समारोह नौगढ़ निवासी सुनील चौधरी के परिवार में आयोजित था। थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि इस मामले में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन मिला है। पुलिस घायल युवक से पूछताछ कर रही है और फायरिंग करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.