Palamu News: पलामू जिला केंद्रीय पुस्तकालय को मॉडल लाइब्रेरी बनाने के लिए 2023 में चयनित किया गया है. इसके लिए पुस्तकालय को कुल 87 लाख रुपये की राशि 2026 में प्रदान की गई है, जिसे अलग-अलग कंपोनेंट्स पर खर्च किया जाएगा.पुस्तकालय में करीब 170 छात्रों के बैठने की व्यवस्था है. इसके साथ ही दो वाटर कूलर, पांच वाई-फाई कनेक्शन, इनवर्टर और पूरे कैंपस में सोलर लाइट की सुविधा भी उपलब्ध है.
जिला पुस्तकालय पलामू के पुस्तकालय अध्यक्ष मंजित सिन्हा ने बताया कि इस योजना के तहत पुस्तकालय के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके अंतर्गत आधुनिक स्टडी हॉल का निर्माण, बेहतर लाइटिंग सिस्टम, सोलर सिस्टम की व्यवस्था, वाटर कूलर, मॉड्यूलर फर्नीचर, बच्चों के लिए गेम्स फैसिलिटी और इंटरनेट सेंटर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इससे विद्यार्थियों और पाठकों को पढ़ाई के लिए एक बेहतर और आरामदायक माहौल मिल सकेगा.
सुविधाओं के लिए 30 लाख रुपये खर्च
वहीं तकनीकी सुविधाओं को बढ़ाने के लिए 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके तहत लाइब्रेरी सॉफ्टवेयर, लैपटॉप, वेबसाइट निर्माण, किताबों का डिजिटाइजेशन और आरएफआईडी तकनीक को लागू किया जाएगा. आरएफआईडी यानी रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन तकनीक के माध्यम से लाइब्रेरी की किताबों की ट्रैकिंग और प्रबंधन काफी आसान हो जाएगा. इस तकनीक में हर किताब में एक विशेष चिप या टैग लगाया जाता है, जिसे स्कैनर से पढ़ा जा सकता है.इससे यह तुरंत पता चल सकेगा कि कौन-सी किताब किसके पास है, कहां रखी गई है और कब वापस करनी है.इसके साथ ही बिना अनुमति किताब बाहर ले जाने पर भी सिस्टम तुरंत जानकारी दे देगा.
2 लाख रुपये आउटरीच प्रोग्राम पर खर्च
इस परियोजना में दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है. इसके लिए 5 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है. इस फंड से टॉकिंग बुक्स, कंप्यूटर स्क्रीन रीडिंग सॉफ्टवेयर, स्कैनर, हेडफोन, व्हीलचेयर और सेल्स रैंप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि दिव्यांग पाठक भी आसानी से पुस्तकालय की सेवाओं का लाभ उठा सकें. इसके अलावा 2 लाख रुपये आउटरीच प्रोग्राम पर खर्च किए जाएंगे. जिसके माध्यम से समाज के अधिक से अधिक लोगों को पुस्तकालय से जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
170 छात्रों के बैठने की व्यवस्था
अगर वर्तमान सुविधाओं की बात करें तो जिला केंद्रीय पुस्तकालय में अभी लगभग 30,542 किताबें उपलब्ध हैं. यहां एनआईसी का पब्लिक लाइब्रेरी सॉफ्टवेयर ई-ग्रंथालय 4.0 के माध्यम से पुस्तकों का रिकॉर्ड रखा जाता है. पुस्तकालय में करीब 170 छात्रों के बैठने की व्यवस्था है. इसके साथ ही दो वाटर कूलर, पांच वाई-फाई कनेक्शन, इनवर्टर और पूरे कैंपस में सोलर लाइट की सुविधा भी उपलब्ध है. यह पुस्तकालय प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहता है. वर्तमान में पाठकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां केबिन सिस्टम भी विकसित किया जा रहा है, ताकि छात्रों को शांत और बेहतर अध्ययन वातावरण मिल सके. नई योजना के लागू होने के बाद पलामू का यह पुस्तकालय पूरी तरह आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.