Palamu Best Picnic Spot: पलामू के बेस्ट पिकनिक स्पॉट्स का नाम लिया जाए तो इस जगह का जिक्र जरूर आता है पर यह उतनी फेमस नहीं है. इसे यहां का हिडेन स्पॉट कहा जा सकता है. हम बात कर रहे हैं काराकाट बंदूआ गांव में स्थित पहाड़ी बाबा तीर्थ स्थल की.
पहाड़, हरियाली और सुकून का अनोखा संगम
चैनपुर प्रखंड के काराकाट बंदूआ गांव में स्थित पहाड़ी बाबा तीर्थ स्थल प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम है. ऊंचे पहाड़ों पर विराजमान भगवान भोलेनाथ का मंदिर इस स्थल को खास पहचान देता है. पहाड़ की चोटी से चारों ओर फैला हरियाली भरा नजारा, नीचे दिखते तालाब और दूर तक फैली प्राकृतिक छटा मन को मोह लेती है. शहर की भागदौड़ और प्रदूषण से दूर यह स्थान पिकनिक मनाने के लिए बेहद उपयुक्त है, जहां परिवार और दोस्तों के साथ घंटों शांति से समय बिताया जा सकता है.
घूमने आए सैलानियों का अनुभव
डाल्टनगंज से अपने दोस्तों के साथ आए रूपेश तिवारी ने बताया कि उन्हें इस जगह की जानकारी पहले नहीं थी. उन्होंने कहा, “हम लोग घूमने के लिए किसी नई जगह की तलाश में थे. ढूंढते-ढूंढते यहां पहुंचे और यह स्थान देखकर बेहद अच्छा लगा. यहां धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सुंदरता दोनों का मेल देखने को मिलता है. पहाड़ों के बीच बैठकर जो सुकून मिलता है, वह शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. अब आने वाले समय में हम यहां दोबारा पिकनिक मनाने जरूर आएंगे.”
पर्यटन की अपार संभावनाएं
पहाड़ी बाबा तीर्थ स्थल न केवल धार्मिक नजरिए से महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यटन के लिहाज से भी इसमें अपार संभावनाएं हैं. अगर इस स्थान को व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जाए, तो यह क्षेत्र का प्रमुख पिकनिक और पर्यटन स्थल बन सकता है. बेहतर सड़क, मूलभूत सुविधाएं और प्रचार-प्रसार से यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है. यह स्थल स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा कर सकता है और क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाई दे सकता है.
About the Author
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.