Palamu Tourism: झारखंड की वादियों में छिपा है एक ऐसा कोना, जहां आज भी हवाओं में एक अंग्रेज लड़की की अधूरी मोहब्बत की दास्तां तैरती है. पहाड़ों की रानी नेतरहाट का मैगनोलिया पॉइंट न सिर्फ अपने अद्भुत सूर्यास्त के लिए मशहूर है, बल्कि इसके पीछे छिपी दर्दनाक कहानी पर्यटकों को भावुक कर देती है. इस गर्मी, सुकून की तलाश है तो नेतरहाट की ठंडी वादियां आपका इंतजार कर रही हैं.
कुदरत का अनमोल तोहफा
नेतरहाट अपनी घने जंगलों, घुमावदार रास्तों और ऊंचे पहाड़ों की श्रृंखलाओं के लिए प्रसिद्ध है. समुद्र तल से करीब 3622 फीट की ऊंचाई पर स्थित होने के कारण यहाँ का तापमान साल भर सुहावना रहता है. पहली बार अपने परिवार के साथ यहां पहुंचे पर्यटक पंकज कुमार बताते हैं कि मैंने नेतरहाट के बारे में बहुत सुना था, लेकिन यहां आकर जो शांति और सुकून मिला, वह शब्दों से परे है. यहां की हरियाली और ठंडी हवाएं शहर की भागदौड़ भरी जिंदगी की सारी थकान मिटा देती हैं. हम निश्चित रूप से यहां दोबारा आना चाहेंगे.
मैगनोलिया पॉइंट, जहां रुक जाती हैं निगाहें
नेतरहाट का सबसे बड़ा आकर्षण है मैगनोलिया पॉइंट. यहां का सूर्यास्त देखने के लिए देश के कोने-कोने से लोग जुटते हैं. जैसे ही सूरज धीरे-धीरे पहाड़ों की गोद में समाता है. आसमान में केसरिया, लाल और सुनहरे रंगों की ऐसी छटा बिखरती है, मानो किसी कलाकार ने कैनवास पर जादू कर दिया हो.
एक अधूरी प्रेम कहानी की याद
मैगनोलिया पॉइंट सिर्फ एक व्यू पॉइंट नहीं है, बल्कि यह एक ब्रिटिश लड़की मैगनोलिया के बलिदान का प्रतीक भी है. प्रचलित लोककथाओं के अनुसार अंग्रेज शासन के दौरान मैगनोलिया नाम की एक युवती को यहां के नजारों से प्यार था. इसी दौरान उसे एक स्थानीय चरवाहे युवक से प्रेम हो गया. लेकिन तत्कालीन सामाजिक वर्जनाओं और अंग्रेज पिता के विरोध के कारण यह प्रेम कहानी अपने अंजाम तक नहीं पहुंच सकी. कहा जाता है कि मैगनोलिया ने उसी ऊंची चोटी से अपने घोड़े के साथ कूदकर जान दे दी थी. आज भी उस स्थान पर बनी मैगनोलिया की प्रतिमा इस भावुक कहानी की याद दिलाती है.
पर्यटन के अन्य केंद्र
सूर्यास्त के अलावा भी नेतरहाट में देखने को बहुत कुछ है. पर्यटक यहां कोयल व्यू पॉइंट से घाटी का अद्भुत नजारा ले सकते हैं. साथ ही नेतरहाट डैम की शांति और लोध फॉल की जलधारा पर्यटकों को अपनी ओर खींचती है. यहां का प्रसिद्ध नेतरहाट आवासीय विद्यालय भी शिक्षा और अनुशासन की मिसाल पेश करता है.
क्यों चुनें नेतरहाट?
अगर आप भीड़भाड़ से दूर सुकून के दो पल बिताना चाहते हैं, तो नेतरहाट से बेहतर कोई विकल्प नहीं है. यहां न केवल रहने के लिए बेहतर सरकारी और निजी गेस्ट हाउस उपलब्ध हैं, बल्कि यह स्थान परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए भी बेहद सुरक्षित और शांत है. इस गर्मी की छुट्टियों में अगर आप भी किसी हिल स्टेशन की तलाश में हैं. जहां कुदरत अपनी पूरी भव्यता के साथ मौजूद हो तो नेतरहाट की वादियां आपका इंतजार कर रही हैं.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.