पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मननदोहर गांव में शनिवार को एक खंडहरनुमा कुएं से दो सगी बहनों के शव मिले हैं। इस घटना में एक अन्य बच्ची अचेत अवस्था में पाई गई, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। मृत बच्चियों की पहचान इसी गांव के उदेश यादव की 8 वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी और 6 वर्षीय सोनम उर्फ बाबू के रूप में हुई है। अचेत मिली बच्ची छतरपुर के हानहे गांव निवासी अखिलेश यादव की 5 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी है, जो मननदोहर गांव में अपने मामा के घर रह रही थी। एक युवक तीनों बच्चियों को कुएं में धकेल दिया: परिजन मृत बच्चियों के परिजनों ने इस घटना को एक साजिश बताया है। उनका आरोप है कि घटना से पहले गांव में एक युवक तस्वीरें ले रहा था, जिसने तीनों बच्चियों को कुएं में धकेल दिया और फरार हो गया। घटना के बाद से वह युवक लापता है। हालांकि, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी ने इसे एक हादसा मानकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की छानबीन कर रही है। दो बच्चियां कुएं के पानी में मृत पड़ी थीं जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे खंडहर कुएं के पास से एक बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो दो बच्चियां कुएं के पानी में मृत पड़ी थीं, जबकि एक बच्ची हाथ-पैर मार रही थी। ग्रामीणों ने तुरंत बच्ची को पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर ले गए। नौडीहा बाजार पुलिस को सूचना मिलने पर टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल मेदिनीनगर भेज दिया है। थाना प्रभारी ने कहा कि घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.