Palamu News: पलामू टाइगर रिजर्व अंतर्गत स्थित बेतला नेशनल पार्क अब केवल वन्यजीवों और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए ही नहीं, बल्कि आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के लिए भी तेजी से पहचान बना रहा है.
टूरिज्म ऑफिसर विवेक कुमार ने कहा कि इस आधुनिक कॉम्प्लेक्स में डबल बेड और ट्रिपल बेड वाले एसी कमरों की सुविधा उपलब्ध है. यहां डबल बेड रूम का किराया 1700 रुपये तथा ट्रिपल बेड एसी रूम का किराया 2500 रुपये निर्धारित किया गया है. सभी कमरे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं, जिससे जंगल सफारी के बाद पर्यटक आरामदायक विश्राम कर सकें.
एसी रूम का किराया 2000 रुपये
खाने-पीने के लिए परिसर में टूरिज्म कैंटीन की व्यवस्था की गई है, जहां शाकाहारी और मांसाहारी दोनों प्रकार के भोजन उपलब्ध हैं. पर्यटक स्थानीय स्वाद के साथ-साथ सामान्य खानपान का आनंद ले सकते हैं. कैंटीन की सुविधा के कारण सैलानियों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे समय और सुविधा दोनों की बचत होती है.न्यू टूरिज्म कॉम्प्लेक्स के साथ-साथ पार्क के अंदर बने ट्री हाउस और मड हाउस भी सैलानियों को खासा आकर्षित कर रहे हैं. डिप्टी डायरेक्टर प्रजेश कांत जेना के अनुसार, ट्री हाउस में डबल बेड एसी रूम का किराया 2000 रुपये और चार बेड एसी रूम का किराया 2500 रुपये रखा गया है. केरल और हिमाचल की तर्ज पर बेतला में भी ट्री हाउस की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है. पर्यटकों के रोमांच को और बढ़ाने के लिए पार्क के अंदर गाइड और स्पॉटलाइट के साथ हाथी सफारी व जीप सफारी की सुविधा उपलब्ध है. इसके अलावा वन्यजीवों को देखने के लिए टावर और छिपने की विशेष जगहें भी बनाई गई हैं.
ऐसे करा सकते है बुकिंग
ठहरने की ऑनलाइन बुकिंग पलामू टाइगर रिजर्व की आधिकारिक वेबसाइट www.palamutigerreserve.com पर जाकर बुकिंग करा सकते है, जबकि ऑफलाइन बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर 62050-53015 पर संपर्क किया जा सकता है. वहीं निजी ठहराव पसंद करने वाले पर्यटकों के लिए पार्क के आसपास 1000 से 1200 रुपये प्रतिदिन में कई होटल और लॉज भी उपलब्ध हैं. बेतला नेशनल पार्क में एक और बड़ी पहल के तहत देश का पहला AI-संचालित नेचर एक्सपीरियंस सेंटर तैयार किया जा रहा है, जहां आधुनिक तकनीक के माध्यम से वन्यजीवों और प्रकृति की जानकारी दी जाएगी.
ऐसे पहुंचे बेतला
राजधानी रांची से बेतला नेशनल पार्क पहुँचना काफी आसान और सुविधाजनक है. रांची से बेतला की दूरी लगभग 170 किलोमीटर है, जिसे सड़क मार्ग से 4 से 5 घंटे में तय किया जा सकता है. यह मार्ग प्राकृतिक दृश्यों से भरपूर है, जिससे यात्रा भी यादगार बन जाती है. ट्रेन से जाने वाले पर्यटक रांची से डाल्टनगंज (मेदिनीनगर) तक नियमित रूप से चलने वाली ट्रेनों का उपयोग कर सकते हैं. डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन बेतला का सबसे नजदीकी प्रमुख स्टेशन है, जहां से बेतला की दूरी करीब 25 किलोमीटर है. स्टेशन से टैक्सी, ऑटो या स्थानीय बस के माध्यम से आसानी से बेतला नेशनल पार्क पहुँचा जा सकता है. सड़क मार्ग से यात्रा करने वालों के लिए रांची से डाल्टनगंज तक नियमित सरकारी और निजी बसें उपलब्ध हैं। बस से डाल्टनगंज पहुंचने के बाद बेतला के लिए स्थानीय बस या टैक्सी मिल जाती है. निजी वाहन से जाने वाले पर्यटक रांची–डाल्टनगंज मार्ग होते हुए सीधे बेतला पहुंच सकते हैं. अच्छी सड़क और स्पष्ट संकेतों के कारण यह मार्ग सुरक्षित और सुविधाजनक माना जाता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.