Palamu News: पलामू के डालटनगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर मेदिनीनगर किया गया है और इसे सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना है. हालांकि प्रगति की गति काफी धीमी है. कई साल बीत जाने के बाद भी काम शुरुआती चरणों में ही दिखायी दे रहा है.
वहीं स्टेशन परिसर में पहले चरण के तहत सुंदरीकरण का कार्य ही चल रहा है. यात्री सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक ढांचे के निर्माण की प्रक्रिया अभी भी पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई है. हालांकि कार्य प्रगति पर है. डालटनगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर मेदिनीनगर करने की मांग लंबे समय से चल रही थी.
प्रधानमंत्री ने किया था ऑनलाइन शिलान्यास
बता दें कि छह अगस्त 2023 को प्रधानमंत्री और रेल मंत्री ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के कई स्टेशनों के साथ डालटनगंज स्टेशन के पुनर्विकास का ऑनलाइन शिलान्यास किया था. इस योजना में प्रमंडल के पांच स्टेशनों को शामिल किया गया था. उद्देश्य था कि इन स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए शहर के विकास का केंद्र बनाया जाए.
सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना
पुनर्विकास योजना के तहत स्टेशन को सिटी सेंटर के रूप में विकसित किया जाना था. इसमें रूफ प्लाजा, आधुनिक वेटिंग एरिया, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाएं शामिल करने का प्रस्ताव था. साथ ही स्टेशन की वास्तुकला में स्थानीय संस्कृति और पहचान को भी दर्शाने की योजना बनाई गई थी.
शहर के दोनों हिस्सों को जोड़ने की थी योजना
इस परियोजना के माध्यम से स्टेशन क्षेत्र को शहर के दोनों किनारों से जोड़ने की भी योजना थी. खासकर रेड़मा और शहर के अन्य हिस्सों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के साथ आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया था, जिसका कार्य धीमी गति से चल रहा है.
सांसद ने रेलवे बोर्ड से जताई चिंता
पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है. उन्होंने 10 मार्च को रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से मुलाकात कर पुनर्विकास कार्य की धीमी गति पर चिंता व्यक्त की है और जल्द कार्य में तेजी लाने की मांग की है. मेदिनीनगर स्टेशन धनबाद रेल मंडल के सेंट्रल इंडस्ट्रियल कोर सेक्शन का हिस्सा है और मंडल को सबसे अधिक राजस्व देने वाले प्रमुख स्टेशनों में शामिल है. यहां से राजधानी एक्सप्रेस, वंदे भारत और गरीब रथ सहित तीन दर्जन से अधिक सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं.
About the Author

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.