सर्दियों की दस्तक के साथ ही पिकनिक और घूमने-फिरने का मौसम पूरे शबाब पर है. नए साल के आगमन को लेकर लोग परिवार और दोस्तों के साथ ऐसी जगहों की तलाश में रहते हैं, जहां प्राकृतिक सौंदर्य के बीच कुछ सुकून भरे पल बिताए जा सकें. पलामू जिला मुख्यालय के बिल्कुल नजदीक स्थित चियांकी पहाड़ और चियांकी पार्क ऐसे ही लोगों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभरा है.
पलामू जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत चियांकी में स्थित यह पहाड़ करीब 501 फीट ऊंचा है. पहाड़ की चोटी पर भगवान भोलेनाथ का प्राचीन मंदिर स्थापित है, जहां से पूरे डाल्टनगंज शहर का नजारा किसी सुंदर चित्र की तरह दिखाई देता है. मंदिर तक पहुंचने के लिए कच्चा रास्ता बना हुआ है, जिस पर प्रतिदिन कई श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. पहाड़ के नीचे बना चियांकी पार्क बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
यातायात की दृष्टि से भी यह स्थल बेहद सुविधाजनक है. डाल्टनगंज–रांची मुख्य मार्ग (एनएच-39) के पास स्थित होने के कारण यहां पहुंचना आसान है. सड़क से गुजरने वाले लोग भी अक्सर यहां रुककर कुछ समय बिताना पसंद करते हैं. पार्क के पीछे पहाड़ पर चढ़ने के लिए रास्ता बनाया गया है, जो आधी ऊंचाई तक जाता है. आगे कच्चे रास्ते से होते हुए श्रद्धालु मंदिर तक पहुंचते हैं. सर्दियों में हरियाली, ठंडी हवा और खुले आसमान के बीच समय बिताने का अलग ही आनंद है.
नवाटोली निवासी विनीता सिंह, जो अपने परिवार के साथ पिकनिक मनाने आई हैं, कहती हैं कि शहर के इतने नजदीक इतना सुंदर और शांत स्थल होना अपने आप में खास है. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा इस स्थान को सुंदर बनाया गया है, जिससे यहां आना और भी अच्छा लगता है. वहीं, निशा यादव अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचीं. उनका कहना है कि यहां से शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है और हरे-भरे पेड़-पौधे मन को सुकून देते हैं. डेहरी ऑन सोन से आई सुनीता सिंह ने इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए खास स्थान बताया.
नए साल के स्वागत के लिए अगर आप भी किसी शांत, सुरक्षित और सुंदर पिकनिक स्थल की तलाश में हैं, तो चियांकी पहाड़ और पार्क आपके लिए एक आदर्श विकल्प साबित हो सकता है. प्रकृति, आस्था और मनोरंजन का यह संगम नए साल की शुरुआत को यादगार बना देता है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.