लातेहार जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत हेठपोचरा पंचायत के जारम गांव में स्थित ततहा झरना एक अनोखा प्राकृतिक पर्यटन स्थल है. यह झरना अपने गर्म जल स्रोत के लिए जाना जाता है. पलामू जिला मुख्यालय से इसकी दूरी लगभग 50 किलोमीटर है.
लातेहार जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत हेठपोचरा पंचायत के जारम गांव में स्थित ततहा झरना एक अनोखा प्राकृतिक पर्यटन स्थल है. यह झरना अपने गर्म जल स्रोत के लिए जाना जाता है. पलामू जिला मुख्यालय से इसकी दूरी लगभग 50 किलोमीटर है. ठंडे मौसम में भी यहां का पानी गर्म रहने के कारण स्थान लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.

ततहा नदी के लगभग 50 मीटर क्षेत्र में पानी हमेशा गर्म रहता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ स्थानों पर पानी का तापमान इतना अधिक होता है कि वह बॉयलिंग प्वाइंट के करीब पहुंच जाता है. यही वजह है कि कड़ाके की ठंड में भी लोग यहां बेझिझक स्नान करते नजर आते हैं.

यह गर्म जल स्रोत हरही पहाड़ी के नीचे बहने वाली ततहा नदी में स्थित है. नदी के किनारे कई ऐसे प्राकृतिक श्रोत हैं, जहां से लगातार गर्म पानी निकलता रहता है. पहाड़ी और जंगलों से घिरा यह इलाका प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

स्थानीय निवासी गणेश कुमार ने लोकल18 को बताया कि ततहा झरने के पानी में औषधीय गुण मौजूद हैं. मान्यता है कि यहां स्नान करने से चर्म रोग की समस्या दूर होती है. इसी विश्वास के चलते दूर-दराज से लोग यहां इलाज और स्नान के लिए पहुंचते हैं.

आगे कहा कि नए साल के मौके पर ततहा झरना पिकनिक स्पॉट के रूप में काफी लोकप्रिय हो जाता है. आसपास के जिलों के अलावा अन्य क्षेत्रों से भी लोग यहां परिवार और दोस्तों के साथ घूमने आते हैं. स्थानीय स्तर पर इस स्थल की ख्याति बेहद अधिक है.

मकर संक्रांति के अवसर पर ततहा नदी के पास मेले का आयोजन किया जाता है. इस दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं. ठंड के मौसम में गर्म पानी में स्नान करना लोगों के लिए खास अनुभव होता है.

ततहा नदी तक पहुंचने के लिए लातेहार जिले के बरवाडीह रेलवे स्टेशन पर उतरना सबसे आसान रास्ता है. यहां से निजी वाहन या स्थानीय साधनों की मदद से झरना पहुंचा जा सकता है.

पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से आने वाले पर्यटक एनएच-39 के जरिए दुनियाखांड होते हुए बरवाडीह पहुंच सकते हैं. बरवाडीह से मंडल डैम के रास्ते 27 किलोमीटर दूर झरना गांव पहुंचकर दाईं ओर लगभग 3 किलोमीटर की दूरी तय करने पर ततहा झरना पहुंचा जा सकता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.