Palamu News: पलामू जिले में स्थित केचकी संगम इस समय पर्यटकों और पिकनिक मनाने वालों के लिए सबसे आकर्षक स्थल बन गया है. औरंगा और कोयल नदियों के मिलन स्थल के रूप में प्रसिद्ध यह जगह प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है.
केचकी संगम न केवल प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है. बल्कि यह एक खूबसूरत बीच जैसा दृश्य प्रस्तुत करता है. यहां मौजूद रेत, जलधाराएं और हरे पेड़ों का मिश्रण इसे एक आदर्श पर्यटन स्थल बनाता है. वन विभाग ने इसे इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित किया है. जहां कॉटेज, टेंट और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं. ये व्यवस्थाएँ यात्रियों को ठहरने और पिकनिक मनाने के लिए बेहद आरामदायक माहौल प्रदान करती हैं.
नियमों का भी कड़ाई से पालन कराया जा रहा है. यहां पिकनिक के दौरान खुद से चूल्हा जलाकर खाना बनाना प्रतिबंधित है और ऐसा करने पर जुर्माना लगाया जाता है. अधिकारियों का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य पर्यावरण और संगम क्षेत्र को साफ-सुथरा रखना है. साथ ही, यह स्थल स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का बड़ा साधन भी बन रहा है.
यहां कई फिलों को हो चुकी है शूटिंग
स्थानीय निवासी नीलम देवी ने बताया कि इस क्षेत्र का सांस्कृतिक महत्व भी कम नहीं है. 1970 में प्रसिद्ध फिल्मकार सत्यजीत रे ने अपनी क्लासिक फिल्म अरण्येर दिनरात्रि की शूटिंग ठीक इसी इलाके में की थी. इस कारण यह स्थान इतिहास और फिल्म प्रेमियों के लिए भी खास आकर्षण रखता है. प्राकृतिक शांति और सौंदर्य ने इस जगह को वर्षों से खास पहचान दिलाई है. यहां कई बंगाली फिल्म और हिंदी फिल्म की भी शूटिंग हो चुकी है. संगम पर इस बार सामान्य से अधिक भीड़ देखी जा रही है. लोग घंटों नदी किनारे बैठकर फोटोग्राफी कर रहे हैं और प्रकृति का आनंद ले रहे हैं. पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है. पूरे क्षेत्र में गार्ड की तैनाती की गई है. किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो. वहीं इको विकास समिति साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दे रही है. संगम क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.
कैसे पहुंचे
केचकी संगम मेदिनीनगर से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित है और सड़क मार्ग से आसानी से पहुंचा जा सकता है. निजी वाहन, टैक्सी या ऑटो-रिक्शा से यहां का सफर आरामदायक रहता है. नजदीकी रेलवे स्टेशन केचकी और मेदिनीनगर हैं, जबकि हवाई यात्रा के लिए रांची एयरपोर्ट सबसे पास पड़ता है. प्राकृतिक सौंदर्य, इतिहास और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का मिश्रण—केचकी संगम झारखंड की उभरती हुई पर्यटन पहचान बन चुका है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.