पाकुड़ के महेशपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना गोविंदपुर गांव के प्रमाणित टोला की है। हत्या के बाद आरोपी पति ने शव को घर में छिपा दिया और मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सोना जोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। घरेलू विवाद के बाद पत्नी पर किया जानलेवा हमला महेशपुर सर्किल इंस्पेक्टर मदन कुमार शर्मा ने रविवार को बताया कि गोविंदपुर गांव निवासी धनेश्वर मुर्मू ने अपनी पत्नी सुशीला हेंब्रम की भुजली नामक धारदार हथियार से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर धनेश्वर मुर्मू ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में सुशीला हेंब्रम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने शव को घर के अंदर छिपा दिया और वहां से भाग निकला। बाद में घटना की जानकारी ग्रामीणों और परिजनों के माध्यम से पुलिस को मिली। पुलिस टीम ने झाड़ी से आरोपी को किया गिरफ्तार मामले की गंभीरता को देखते हुए महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम में महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा, रद्दीपुर ओपी प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार, अजय कुमार महतो तथा आरक्षी राजेश कुमार और अंकित कुमार शामिल थे। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। तलाशी अभियान के दौरान आरोपी धनेश्वर मुर्मू को उसके घर के पास स्थित एक झाड़ी से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और बताया कि घरेलू विवाद के कारण उसने पत्नी की हत्या की। इस मामले में मृतका के पुत्र की लिखित शिकायत पर महेशपुर थाना में कांड संख्या 39/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.