सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर लगी कंटीली तार के पास पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया है। घुसपैठिए की गिरफ्तारी सोमवार की देर रात हुई है। यह गिरफ्तारी बॉर्डर पर बीपीओ राजाताल के पास की गई है।
आरोपी को पकड़ने के बाद उसे थाना घरिंडा की पुलिस के हवाले किया गया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान पाकिस्तान स्थित जिला शेखूपुरा के मुरीदके निवासी मोहम्मद अशफाक के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से पाकिस्तान करंसी के आठ हजार रुपये, मोबाइल और तीन सिम बरामद किए गए हैं।
बीएसएफ की 181 कंपनी के कमांडेंट राकेश नेगी ने पुलिस को बताया कि उनके जवान राजाताल बीओपी के पास गश्त कर रहे थे। इस दौरान कंटीली तार के पास एक व्यक्ति को आते देखा। जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। जब उसकी पहचान पूछी गई तो उसने अपनी पहचन पाकिस्तानी नागरिक के रूप में बताई है।
10 किलो चिट्टे के साथ पकड़ा था पाकिस्तानी नागरिक
एक दिन पहले पंजाब के सरहदी एरिया तरनतारन से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने खेमकरण सेक्टर से 10 किलो हेरोइन के साथ पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया था। बीएसएफ और एनसीबी की टीमें को इनपुट मिले हैं कि पाकिस्तानी तस्कर के गिरफ्तार होने के बाद इस इलाके में विस्फोटक और हथियार भी छिपे हो सकते हैं।
एनसीबी ने पकड़े गए आरोपी की पहचान पाकिस्तान के जिला कसूर स्थित चट्टिया गांव निवासी अबू बक्कर के रूप में बताई है। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल और कुछ पाकिस्तानी करंसी भी बरामद हुई है। आरोपी के कब्जे से मिले मोबाइल ने कई संदिग्धों के नंबर भी मिले हैं। कुछ नंबर डिलीट भी हैं। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। मोबाइल फोन से आरोपी के कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अबू बकर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन खालिस्तान लिब्रेशन फोर्स (केएलएफ) के लिए भी काम कर रहा है। एनसीबी पता लगा रही है कि पंजाब में केएलएफ के किस सदस्य के साथ अबू बक्कर लगातार संपर्क में है और भविष्य में आरोपियों के मंसूबों क्या है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.