पहाड़गढ़ क्षेत्र के जंगलों से खैर (खेर) की लकड़ी की तस्करी कर ले जा रहे एक ट्रक को वन विभाग की रात्रि गश्त टीम ने 28 फरवरी की मध्यरात्रि सुमावली क्षेत्र के विरुगा गांव के पास पकड़ लिया है। तस्करों को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम को ट्रक का पीछा कर उस पर पथराव करना पड़ा, जिसके बाद आरोपी ट्रक छोड़कर भाग निकले। फिलहाल वन विभाग ने ट्रक को जब्त कर जौरा वन क्षेत्र कार्यालय में रखवा दिया है और पुलिस की मदद से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पहाड़गढ़ विकास खंड के जंगलों से खैर की लकड़ी की तस्करी का काम लंबे समय से चल रहा है। 28 फरवरी की दरम्यानी रात वन विभाग की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पहाड़गढ़ की तरफ से एक ट्रक (क्रमांक HR 55 / AL / 3852) सुमावली की ओर आता दिखाई दिया। टीम ने जब ट्रक को रोकने का इशारा किया, तो चालक और तस्करों ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी और उसे भगा ले गए। पीछा कर किया पथराव, अंधेरे में भागे तस्कर तस्करों के भागने पर वन विभाग की टीम ने उनका पीछा किया। ट्रक को रोकने के लिए टीम को लकड़ी से भरे उस ट्रक पर पथराव भी करना पड़ा। खुद को घिरता देख तस्कर ट्रक को रास्ते में ही छोड़कर भाग गए। इसके बाद वन विभाग की टीम ने ट्रक को जब्त कर लिया और उसे जौरा वन क्षेत्र कार्यालय ले आई। रेंजर बोले- अपराधी तस्करी से बाज नहीं आते वन विभाग के जौरा रेंजर आर. प्रजापति ने इस पूरी कार्रवाई को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया- “पहाड़गढ़ क्षेत्र के जंगलों में खेर की लकड़ी बड़ी मात्रा में पाई जाती है। लंबे समय से खेर की लकड़ी की तस्करी अपराधियों के द्वारा की जाती रही है। वन विभाग ने कई कार्यवाही की है लेकिन अपराधी तस्करी से बाज नहीं आते। मध्यरात्रि में भी ट्रक में लकड़ी तस्करी कर ले जाई जा रही थी। हमारी टीम के द्वारा पीछा कर ट्रक पकड़ा है ट्रक वाले और तस्कर ट्रक छोड़ भाग निकले हैं। फिलहाल सभी तस्कर ट्रक छोड़ भाग गए। ट्रक को जब्त कर पुलिस हिरासत में लिया गया है। कार्यवाही जारी है।”
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.