गुना जिले के कुंभराज क्षेत्र में गुरुवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। कृषि उपज मंडी से धनिया बेचकर घर लौट रहे एक किसान की ओवरलोड ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली में लदी भारी लोहे की सरियों के नीचे दबने से किसान सहित तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुंभराज क्षेत्र के बकोन्या गांव निवासी बाबूलाल मीना (60) अपने बेटे लाखन मीना और बटियादार जगदीश अहिरवार (45) व रमन अहिरवार (22) के साथ कुंभराज मंडी में धनिया बेचने आए थे। उपज बेचने के बाद बाबूलाल ने गांव में चल रहे मकान निर्माण कार्य के लिए करीब 10 क्विंटल से अधिक लोहे की सरिया खरीदी। सरियों को ट्रैक्टर ट्रॉली में लादकर सभी लोग वापस गांव की ओर रवाना हुए।
ये भी पढ़ें- इंदौर एमबीए छात्रा मर्डर केस : गला घोंटने से नहीं हुई मौत, चाकू के गहरे वार के बाद हुई, रिपोर्ट में खुलासा
ढलान पर बिगड़ा संतुलन
बताया जा रहा है कि शाम करीब 5 बजे मृगवास मार्ग पर गणेशपुरा के पास घाटीनुमा ढलान पर पहुंचते ही ट्रॉली अनियंत्रित हो गई। अधिक भार और ढलान के कारण वाहन संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली के पलटते ही उसमें लदी भारी-भरकम सरियां सीधे नीचे बैठे बाबूलाल, जगदीश और रमन पर आ गिरीं। वजन इतना अधिक था कि तीनों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
ये भी पढ़ें- पड़ोसी अधेड़ ने किया नाबालिग से दुष्कर्म, जान से मारने की दी धमकी; दहशत इतनी कि दो दिन बोल न सकी
भारी वजन बना मौत का कारण
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनकर मौके पर दौड़ लगाई। लेकिन सरियों और ट्रॉली का भार इतना ज्यादा था कि तत्काल राहत कार्य संभव नहीं हो सका। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से जेसीबी की सहायता से ट्रॉली को सीधा किया गया और सरियों को हटाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों के शव बाहर निकाले जा सके। पुलिस के अनुसार, भारी वजन और गंभीर चोटों के कारण तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
हादसे के कारण मार्ग पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रॉली के ओवरलोड होने और ढलान पर संतुलन बिगड़ने को हादसे का कारण माना जा रहा है। एक ही गांव के तीन लोगों की एक साथ मौत से बकोन्या गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.