जिला मुख्यालय स्थित जिला जेल से रविवार को एक विचाराधीन कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है। जिला जेल अधीक्षक दुष्यंत पगारे ने बताया कि कैदी जयराम उर्फ जीवन पिता मोहनलाल (35) रविवार सुबह करीब 11 से 11:30 बजे के बीच जेल के किचन में काम करने के दौरान फरार हो गया।
बताया गया है कि कैदी ने पानी के पाइप और तार को बांधकर जेल की दीवार फांदकर भागने की कोशिश की, जिसमें वह सफल हो गया। वहीं उसके साथ एक अन्य कैदी राहुल ने भी भागने की योजना बनाई थी लेकिन वह फरार होने से पहले ही पकड़ा गया। राहुल छेड़छाड़ के मामले में धारा 354 के तहत जेल में बंद है। जेल अधीक्षक के अनुसार फरार कैदी के साथ उसका भाई भी जेल में बंद है, जबकि उसकी मां पहले जेल में थी और अब जमानत के बाद बाहर है। घटना के समय प्रहरी ताला लगाकर जा चुका था और दोनों कैदी सभागृह में छिप गए थे। लालघाटी थाने में इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज नहीं निकल सके हैं। पुलिस ने कैदी की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में तुरंत नाकाबंदी कर दी है। एसआई पटेल ने विश्वास व्यक्त किया कि फरार कैदी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Dhar: शादी का वादा कर 4 साल रखा रिश्ता, प्रेमी के धोखे से आहत युवती ने की आत्महत्या; सुसाइड नोट से हुआ
बता दें कि शाजापुर जिला जेल में वर्तमान में कुल 124 बंदी निरुद्ध हैं। इनमें दंडित बंदियों की संख्या 45 है, जिसमें 41 पुरुष और 4 महिला बंदी शामिल हैं। वहीं विचाराधीन बंदियों की कुल संख्या 79 है। इनमें 71 पुरुष बंदी और 8 महिला बंदी शामिल हैं। जेल से फरार जीवन उर्फ जयराम के खिलाफ मक्सी थाने में 4 अक्टूबर 2025 को एक प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला मारपीट और जान से मारने की धमकी से संबंधित है।
शाजापुर जिला जेल क्षेत्र में बिजली लाइन के मेंटेनेंस कार्य के चलते रविवार को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रखी गई थी। इसी कारण जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डिस्पले बंद हो गया था, हालांकि जेल प्रबंधन का कहना है कि कैमरे चालू थे। बहरहाल मामले में जेल प्रहरी ने लालघाटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.