दरभंगा में खुले नाले में गिरकर डेढ़ वर्षीय मासूम सन्नी कुमार यादव की मौत हो गई। मृतक सन्नी कुमार यादव, चंदनपट्टी गांव निवासी ललन कुमार यादव का बेटा था। बताया जा रहा है कि मासूम घर से खेलने के लिए निकला था।
घर से महज करीब 50 मीटर की दूरी पर खुला नाला था। जिसका ढक्कन नहीं लगा था। खेलते-खेलते बच्चा उसी खुले नाले में गिर गया। करीब आधे घंटे बाद जब परिजन ने बच्चे को नहीं देखा तो उसकी खोजबीन शुरू की गई।
तलाश के दौरान जब परिजन नाला के पास पहुंचे तो देखा कि बच्चा नाले में डूबा हुआ है, सिर नीचे की ओर और पैर ऊपर की ओर थे। आनन-फानन में उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घर में छोटे भाई की छठी का कार्यक्रम चल रहा था।
पोस्टमॉर्टम करवाने पहुंचे परिजन।
घर में छठी की तैयारी चल रही थी
मृतक के बड़े पापा राकेश कुमार यादव ने बताया कि परिवार में हाल ही में एक नवजात का जन्म हुआ था। छठियार की तैयारी चल रही थी। पूरे घर में खुशी का माहौल था, लेकिन इसी बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया।
परिजन और ग्रामीणों का आरोप है कि नाले की सफाई के लिए ढक्कन हटाया गया था। सफाई का काम पूरा होने के बावजूद ढक्कन दोबारा नहीं लगाया गया, जिसकी शिकायत ग्रामीण लगातार कर रहे थे। लेकिन न तो वार्ड सदस्य और न ही पंचायत प्रतिनिधियों ने इस ओर ध्यान दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते नाले को ढक दिया गया होता, तो आज एक मासूम की जान बच सकती थी।

इसी नाला में डूबा था बच्चा।
पंचायत के प्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप
परिजनों ने वार्ड सदस्य और पंचायत प्रतिनिधियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के बाद भी कोई जनप्रतिनिधि परिवार से मिलने नहीं पहुंचा। राकेश कुमार यादव ने कहा कि यह पूरी तरह प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों की लापरवाही का नतीजा है। परिवार बेहद गरीब है, ऐसे में सरकार को पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देना चाहिए।
घटना की सूचना 112 पर दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.