इंदौर-इच्छापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोरटक्का के समीप बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। उज्जैन से ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए जा रही यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस (क्रमांक DD-01-AE-9861) की सामने से आ रही एक कार (क्रमांक MP-09-DA-5599) से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की चपेट में पास से गुजर रहा एक बाइक सवार भी आ गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक समीम खान, निवासी बड़वाह, गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे इंदौर रेफर किया गया। वहीं बाइक सवार सहित एक अन्य घायल को बड़वाह सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बस के दरवाजे के पास दो यात्री खड़े होकर यात्रा कर रहे थे। टक्कर होते ही दोनों यात्री बस से नीचे सड़क किनारे गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
ये भी पढ़ें- जहरीले पानी से अब तक 12 मौतें, पांच माह के नवजात को भी मिली गंदे पानी की सजा-ए-मौत
अव्यवस्थित यातायात की स्थिति बनी हुई है
नववर्ष और छुट्टियों के चलते ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। वाहनों की संख्या बढ़ने से हाईवे पर जाम और अव्यवस्थित यातायात की स्थिति बनी हुई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। चौकी प्रभारी लखन डावर ने बताया कि हादसे में शामिल टूरिस्ट बस गुजरात से पर्यटकों को ओंकारेश्वर दर्शन के लिए लेकर आ रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात को सुचारू कराया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.