कार को पूरी तरह फैंसी स्टोर में बदल दिया
बलराम साहू ने बताया कि पहले उनकी सेंट्रो कार अधिकतर समय घर पर खड़ी रहती थी. इसी दौरान उन्होंने अपने एक साथी को कार में फैंसी सामान सजाकर गांव-गांव घूमकर बेचते देखा. वहीं से उन्हें यह विचार आया कि वे भी अपनी कार को दुकान के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके बाद उन्होंने कार को पूरी तरह फैंसी स्टोर में बदल दिया. गाड़ी के अंदर झुमके, चूड़ियां, मंगलसूत्र, टॉप्स, टिकली, बिंदी और अन्य महिलाओं के श्रृंगार से जुड़े सभी प्रकार के सामान सलीके से सजाए गए हैं.
कार के ऊपर स्पीकर लगाया गया
इस चलती दुकान की सबसे खास बात यह है कि कार के ऊपर स्पीकर लगाया गया है, जिसमें गानों के साथ अनाउंसमेंट होती रहती है. जैसे ही कार किसी गांव या मोहल्ले में पहुंचती है, लोगों को आवाज के जरिए जानकारी मिल जाती है कि फैंसी सामान बेचने वाली गाड़ी आ गई है. इससे ग्राहकों को दुकान तक आने में आसानी होती है और खरीदारी भी बढ़ जाती है.
बलराम साहू रोजाना अपने गांव और आसपास के 5 से 7 किलोमीटर के दायरे में घूम-घूमकर फैंसी सामान बेचते हैं. उन्होंने बताया कि इस काम से उन्हें अच्छी आमदनी हो जाती है. खासकर ग्रामीण इलाकों में जहां स्थायी फैंसी दुकानों की संख्या कम है, वहां उनकी यह चलती फिरती फैंसी दुकान महिलाओं के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है.
बलराम केवल फैंसी सामान बेचने तक सीमित नहीं हैं. वे सप्ताह में चार दिन अपनी कार से फैंसी स्टोर चलाते हैं और तीन दिन स्थानीय साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने का काम करते हैं. इस तरह वे दो अलग-अलग व्यवसायों के जरिए अपनी आजीविका चला रहे हैं और परिवार की जरूरतें पूरी कर रहे हैं.
यह पहल ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही
उन्होंने बताया कि उन्होंने यह सेंट्रो कार सेकंड हैंड एक लाख 10 हजार रुपये में खरीदी थी. अब इस गाड़ी का उपयोग पूरी तरह दुकान के रूप में किया जा रहा है. बलराम का कहना है कि अगर सही सोच और मेहनत हो तो सीमित संसाधनों से भी रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं.
बलराम साहू की यह पहल ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है. उनका यह प्रयोग दिखाता है कि नवाचार और आत्मविश्वास के साथ छोटे स्तर पर भी व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बना जा सकता है. आज उनकी चलती-फिरती फैंसी दुकान न केवल उनकी पहचान बन गई है, बल्कि गांव-गांव तक रोजगार और सुविधा दोनों पहुंचा रही है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.