पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन गुरुवार दोपहर सहरसा पहुंचे। यहां वे भाजपा नेता शशि शेखर सम्राट के पुत्र के मुंडन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की और स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय राजनीति तक अपनी बात रखी।
बिहार बड़ा राज्य है और बड़ा ही रहेगा
हाल के दिनों में सीमांचल क्षेत्र और पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों को मिलाकर अलग केंद्र शासित प्रदेश बनाने की चर्चा चल रही थी। इन अटकलों को खारिज करते हुए शाहनवाज हुसैन ने इसे अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र या राज्य सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि बिहार एक बड़ा राज्य है और आगे भी बड़ा ही रहेगा।
अमित शाह के सीमांचल दौरे को बताया गौरव
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के तीन दिवसीय बिहार दौरे का जिक्र किया। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि गृह मंत्री का बिहार से गहरा लगाव है। उन्होंने बताया कि यह पहली बार है जब अमित शाह तीन दिनों तक किशनगंज जिले में प्रवास कर रहे हैं। इसे उन्होंने सीमांचल की जनता के लिए गर्व की बात बताया।
राहुल गांधी और विपक्ष पर निशाना
एआई समिट के दौरान कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर उन्होंने आपत्ति जताई। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह का व्यवहार सही नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर देश में भ्रम फैलाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निजी हमले करने का आरोप लगाया।
महेशखूंट सहरसा सड़क की स्थिति पर चिंता
राष्ट्रीय मुद्दों के साथ उन्होंने स्थानीय समस्या भी उठाई। उन्होंने महेशखूंट सहरसा मुख्य मार्ग की खराब स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य के कई इलाकों में सड़कों का विकास हुआ है, लेकिन इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण अब तक ठीक से नहीं हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि जल्द ठोस कदम उठाए जाएं ताकि लोगों को राहत मिल सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.