बिहार में इस समय तीन तरह का वीडियो वायरल है। एक में विपक्षी दलों ने सीएम नीतीश कुमार को एक महिला आयुष चिकित्सक का हिजाब छूने पर हमला किया। जवाब में कांग्रेस नेता अशोक गहलोत का वीडियो भी बिहार में सुर्खियां बटोर रहा है, जहां वह महिला कतार में खड़ी एक महिला का घूंघट हटा रहे हैं। इन दोनों वीडियो के बीच एक तीसरा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महागठबंधन सरकार के समय भाजपा विधायक नितिन नवीन को सीख दे रहे हैं। नितिन नवीन को रविवार को भाजपा ने पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया, अब इसी ताजी खबर से जोड़कर उस पुराने वीडियो को वायरल किया जा रहा है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar Cabinet: सीएम नीतीश कुमार ने बुलाई कैबिनेट की बैठक, रोजगार समेत कई प्रमुख एजेंडों पर लगा सकते हैं मुहर
तुम क्या जानते हो, बैठो न
2023 में जब महागठबंधन की सरकार थी, तब सदन में भाजपा सीएम नीतीश कुमार पर हमलावर थी। इसी दौरान भाजपा विधायक नितिन नवीन तत्कालीन महागठबंधन सरकार पर कुछ बोलने लगे तो सीएम नीतीश कुामर ने उठकर कहा- “तुम क्या जानते हो, बैठो न। जिस दिन तुम्हारे पिताजी की मृत्यु हो गई थी, उस समय पूरे पटना में मात्र 18 प्रतिशत वोट हुआ था। हम लोग आपके लिए काम कर रहे थे। आपके पिताजी के साथ मेरा क्या संबंध पौराणिक है, उनका डेथ हो गया। तुरंत हमलोग सरकार में आए। उस समय आपको ही बनाया गया। कितना प्रेम करते रहे। कितना सम्मान देते रहे। देखो, बोलना जरूर। बोलोगे तभी केंद्र वाला आगे बढ़ाएगा। नहीं अगर मेरे खिलाफ बोलोगे तो कोई नहीं आगे बढ़ाएगा।”
यह खबर भी पढ़ें-Bihar Weather: तेज हवा ने बढ़ाई कनकनी, बेतिया-बांका समेत कई जिलों में घना कोहरा; मौसम विभाग ने कहा-सावधान रहे
आज क्यों वायरल हो रहा यह वीडियो?
दरअसल, इस वीडियो के अंत में नीतीश कुमार ने उस समय सीख दी थी कि भाजपा वाले उन्हें कब और कैसे आगे बढ़ाएंगे। उस समय नीतीश कुमार सरकार में थे और भाजपा विपक्ष में। तब नीतीश कुमार पर भाजपा हमलावर थी। नीतीश ने उसी समय सदन में नितिन को सीख दी थी कि वह बोलें और उनके खिलाफ जरूर बोलें ताकि भाजपा कुछ बड़ा दे। अब नितिन भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं तो सोशल मीडिया पर यूजर्स कह रहे हैं कि नीतीश की सीख पर चलकर नितिन को यह कद-पद मिला है।