राजस्थान के कोटा में नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे मध्य प्रदेश के छात्र का नहर में शव मिला है। छात्र 6 दिन से लापता था। डेडबॉडी कोटा से बहकर 50 किलोमीटर दूर अंता क्षेत्र पहुंच गई थी। दाईं मुख्य नहर में पेड़ में फंसी मिली। अंता पुलिस की टीम ने बरामद किया है। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान राजगढ़ जिले के भादाहेड़ी गांव निवासी 23 वर्षीय लोकेश दांगी के रूप में हुई है। लंबे समय तक पानी में रहने से शव क्षत-विक्षत हो गया था। शाम लगभग 5 बजे पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। लकड़ी लेने गए लोगों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना अंता थाना पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे एनडीपीसी फैक्ट्री के पास रेलवे पुलिया के समीप डेरा डाले कुछ लोग लकड़ी लेने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नहर में पेड़ में फंसे शव पर पड़ी। उन्होंने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। घटना से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए… परिजन ने कपड़ों से की पहचान कोटा में बेटे की तलाश कर रहे परिजनों को जब बारां जिले में अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली तो वे अंता पहुंचे। शाम करीब 4 बजे अस्पताल में शव दिखाया गया। शरीर पर लाल टी-शर्ट और काला लोवर था। कपड़ों और शारीरिक बनावट के आधार पर परिजन ने उसकी पहचान लोकेश दांगी के रूप में की। 17 फरवरी से था लापता, 5 साल से नीट की तैयारी कर रहा था परिजनों ने बताया कि लोकेश पिछले 5 साल से कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। 17 फरवरी की दोपहर वह अपने हॉस्टल से पैदल निकला था। वापस नहीं लौटा। मोबाइल फोन बंद आने पर परिजन कोटा पहुंचे। उसी रात बोरखेड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। CCTV फुटेज में हॉस्टल से बाहर जाते दिखा था छात्र छात्रावास के सीसीटीवी फुटेज में उसे हॉस्टल से बाहर जाते हुए देखा गया, लेकिन इसके बाद उसकी लोकेशन का पता नहीं चला। 18 फरवरी को कैथून थाना क्षेत्र से गुजरने वाली चंबल नहर के किनारे उसके जूते, चप्पल, टोपी और मोबाइल फोन मिले थे। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने 19 फरवरी से नहर में सर्च अभियान शुरू किया। कई किलोमीटर तक तलाशी ली गई, लेकिन शुरुआती दिनों में सफलता नहीं मिली थी, लेकिन छठवें दिन डेडबॉडी मिली। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। ………………………… यह खबर भी पढ़ें भोपाल में बाथरूम में मिला MBBS छात्रा का शव… भोपाल में एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। गांधी मेडिकल कॉलेज की छात्रा रोशनी का शव बाथरूम में पड़ा था। पास ही एसिड की बोतल भी मिली है। रोशनी ने पिछले साल ही अक्टूबर में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर में एडमिशन लिया था। पढ़ें पूरी खबर…
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.