हांसी जिले के नारनौंद हलका के नंबरदारों ने शनिवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विधायक जस्सी पेटवाड़ को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन नंबरदार एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष आजाद सिंह खांडेवाला के नेतृत्व में दिया गया। इसमें विधायक से विधानसभा सत्र के दौरान नंबरदारों की समस्याओं को उठाने का आग्रह किया गया है। एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष आजाद सिंह खांडेवाला ने बताया कि 23 नवंबर 2021 को हरियाणा सरकार को लिखे पत्र के तहत नंबरदारी प्रथा पर लगाई गई रोक को तत्काल प्रभाव से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नंबरदारी व्यवस्था ग्रामीण प्रशासन की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसे फिर से प्रभावी ढंग से लागू करना आवश्यक है। बोले- बताया जाए मानदेय इसके अतिरिक्त, वर्ष 2018 से मिल रहे मानदेय को वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार कम बताते हुए उसमें उचित बढ़ोतरी की मांग की गई है। नंबरदारों ने हरियाणा रोडवेज की बसों में तहसील और जिला स्तर तक आने-जाने के लिए पूरे महीने की नि:शुल्क यात्रा सुविधा देने की भी मांग की। उनका तर्क है कि प्रशासनिक कार्यों के लिए उन्हें नियमित रूप से तहसील व जिला मुख्यालय जाना पड़ता है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ पड़ता है। मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग ज्ञापन में 60 वर्ष से अधिक आयु के नंबरदारों के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग भी शामिल है। साथ ही, 15 वर्ष से अधिक सेवा देने वाले नंबरदारों की सेवा समाप्ति की व्यवस्था को खत्म कर जीवनभर मानदेय जारी रखने की मांग भी की गई। विधायक जस्सी पेटवाड़ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को विधानसभा सत्र में मजबूती से उठाया जाएगा। इस अवसर पर रामफल पाली, प्रदीप पेटवाड़, सुनील नंबरदार, महेंद्र सिंह, होशियार सिंह, मनोहर लाल, अंग्रेज, सुरेंद्र रोशन खेड़ा, सुरेंद्र दूहन, सतबीर भकलाना सहित हल्का नारनौंद के अनेक नंबरदार उपस्थित रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.